15 साल की किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार:बांदा में मृत नवजात को जन्म देने के बाद पिता ने शिकायत की थी
बांदा जनपद के पैलानी थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने सोमवार को मंजू उर्फ बंटा वर्मा को गिरफ्तार किया है। किशोरी गर्भवती थी और 8 अक्टूबर को बांदा जिला महिला अस्पताल में उसने मृत नवजात को जन्म दिया था। इसके बाद किशोरी के पिता ने पैलानी थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना की और साक्ष्यों के आधार पर सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पैलानी थाना क्षेत्र पीड़िता बच्ची के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी 8 अक्टूबर की सुबह करीब तीन बजे बिना बताए घर से चली गई थी। सुबह पुलिस की ओर से फोन आया कि उनकी बेटी बांदा जिला महिला अस्पताल में भर्ती है। वहां पहुंचने पर उन्हें पता चला कि किशोरी गर्भवती थी और उसने मृत नवजात को जन्म दिया है। पिता ने तहरीर में आरोप लगाया कि वह अपनी बेटी के साथ मोरम ढुलाई का काम करते थे। इसी दौरान पैलानी निवासी मंजू उर्फ बंटा वर्मा भी बैलगाड़ी से मोरम लाता था। आरोप है कि इसी दौरान उसने उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पिता ने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं थी। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद उन्हें पूरे मामले का पता चला। पुलिस ने 10 अक्टूबर को दी गई तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जिला महिला अस्पताल में मृत नवजात के जन्म के बाद पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई भी की गई। विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी मंजू उर्फ बंटा वर्मा पुत्र देवीदीन को गिरफ्तार कर लिया। क्षेत्राधिकारी सदर प्रतिज्ञा सिंह ने गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए बताया कि नाबालिग के पिता की तहरीर पर पैलानी थाने में अभियोग पंजीकृत किया गया था। विवेचना में मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय की अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)