150 समर्थकों के साथ अयोध्या पहुंचे पूर्व विधायक बाबा गोरखनाथ:गाजे-बाजे के साथ राम मंदिर पहुंचे समर्थक, बोले- मेरा सफर किसी तूफान के डर से रुकता नहीं

Oct 01, 2026 - 13:32
0
150 समर्थकों के साथ अयोध्या पहुंचे पूर्व विधायक बाबा गोरखनाथ:गाजे-बाजे के साथ राम मंदिर पहुंचे समर्थक, बोले- मेरा सफर किसी तूफान के डर से रुकता नहीं
भाजपा के पूर्व विधायक बाबा गोरखनाथ ने मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के करीब 150 समर्थकों के साथ रामलला के दर्शन-पूजन किए। समर्थक गाजे-बाजे के साथ राम मंदिर पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया। बाबा गोरखनाथ ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2024 में अपने साथियों से रामलला के दर्शन कराने का वादा किया था। अब उन्होंने अपना यह वादा पूरा किया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में देशभर से श्रद्धालुओं को अयोध्या लाने के लिए 35 दिन तक आस्था ट्रेन का कार्यक्रम चला था। संगठन ने उन्हें पांच अलग-अलग स्टेशनों से यात्रियों को टेंट सिटी तक लाने और दर्शन के बाद समय से वापस पहुंचाने की जिम्मेदारी दी थी। बाबा गोरखनाथ के मुताबिक, इस दौरान करीब 150 साथी लगातार उनके साथ रहे थे। तभी उन्होंने सभी साथियों के साथ रामलला के दर्शन करने का संकल्प लिया था। समय बीतने के बाद भी यह वादा उनके मन में बना रहा। साथियों की ओर से याद दिलाए जाने पर उन्होंने दर्शन कराने का निर्णय लिया और सभी को लेकर अयोध्या पहुंचे। उन्होंने कहा, “मेरा सफर किसी तूफान के डर से रुकता नहीं, इरादा कर लिया तो इरादा कर लिया।” विधानसभा चुनाव से दर्शन को जोड़कर पूछे गए सवाल पर बाबा गोरखनाथ ने कहा कि वह भगवान के दर्शन करने आए हैं। उन्होंने स्थानीय अंदाज में कहा, "लड़ैक तो मन हइये बाय, ओहे लड़ा जाय।" कार्यकर्ताओं के जोश पर उन्होंने कहा कि जिसकी मस्ती जिंदा है, उसकी हस्ती जिंदा है और उनके कार्यकर्ता भी उसी तरह हैं। बाबा गोरखनाथ ने रामलला से क्षेत्र और प्रदेश की जनता की खुशहाली, निरोगी जीवन और सभी को अच्छी बुद्धि देने की प्रार्थना की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User