17 सितंबर से शुरू अखिल भारतीय कुश्ती दंगल:हाथरस में बृजभूषण शरण सिंह करेंगे उद्घाटन, WFI नियमों के तहत होंगे मुकाबले
हाथरस के मेला श्री दाऊजी महाराज में 17 सितंबर से अखिल भारतीय कुश्ती दंगल शुरू होगा। इसका उद्घाटन पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह करेंगे। दंगल संयोजक विपुल गौड़ और दंगल कमेटी के अन्य पदाधिकारियों ने आज दोपहर एक बजे मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दंगल कमेटी के खास प्रयासों से इस बार कई नए आकर्षण होंगे। पहली बार दाऊजी महाराज के मेले में डब्ल्यूएफआई (WFI) के नियमों से कुश्ती दंगल का आयोजन हो रहा है। इससे अखाड़ों के पहलवानों को अपने करियर में आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे। कुश्ती संघ के प्रमुख अधिकारियों के निर्देशन में रेफरी समेत लगभग 100 से ज्यादा पुरुष और महिला पहलवान बाहर से आकर कुश्ती लड़ेंगे। यह दंगल का खास आकर्षण रहेगा। पुरुष कुश्ती 57-65 किलो, 65-85 किलो और 85 किलो से ऊपर के वर्ग में होगी। वहीं, महिला कुश्ती 55-60 किलो और 65-70 किलो वजन ग्रुप में होगी। प्रत्येक वर्ग में गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल के साथ विजेता घोषित किए जाएंगे। स्थानीय अखाड़ों के पहलवानों को कुश्ती संघ के नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा, जिससे उनके उज्जवल भविष्य के अवसर खुलेंगे। मशहूर पहलवानों की कुश्ती 17 से 22 सितंबर तक दंगल कमेटी द्वारा पारंपरिक दंगल का भी आयोजन होगा, जिसमें देश-विदेश के मशहूर पहलवानों की कुश्ती देखने को मिलेगी। दंगल में मुख्य अतिथि के तौर पर पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह मौजूद रहेंगे। इनके अलावा प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य, सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय, विधायक अंजुला माहौर, विधायक वीरेन्द्र राना, विधायक सादाबाद प्रदीप चौधरी उर्फ गुड्डू, भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष शरद माहेश्वरी और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा जैसे खास मेहमान भी उपस्थित रहेंगे। 17 सितंबर को सुबह 8 बजे से एक शोभायात्रा भी निकाली जाएगी। आज मीडिया से हुई बातचीत के दौरान भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष शरद माहेश्वरी, सुमित शर्मा, संतोष शर्मा, सुभाष उपाध्याय, अशोक शर्मा, संदीप जादौन, रानू ठाकुर, गौरव रावत, सौरभ शर्मा, रूपेश दीक्षित, यश वाष्र्णेय, जय शर्मा आदि मौजूद थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)