206 दिव्यांगजनों को अक्टूबर में मिलेंगे उपकरण:ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, हियरिंग एड सहित कई जरूरी चीजें बांटी जाएंगी, तैयारी तेज
अम्बेडकरनगर में दिव्यांगजनों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से सहायक उपकरण मिलने का इंतजार कर रहे 206 दिव्यांगजनों को अक्टूबर में ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, हियरिंग एड समेत अन्य जरूरी उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए शासन स्तर से उपकरणों की आपूर्ति कर दी गई है। अब विभाग ने वितरण की तैयारी तेज कर दी है, ताकि पात्र लाभार्थियों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 में सहायक उपकरण प्राप्त करने के लिए जिले के 206 दिव्यांगजनों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। आवेदनों में दर्ज जरूरतों के आधार पर शासन से उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, हियरिंग एड मशीन, बैसाखी और स्मार्ट केन शामिल हैं। इन उपकरणों की मदद से दिव्यांगजनों को दैनिक गतिविधियों में सहूलियत मिलने के साथ ही आवागमन और दूसरे जरूरी कामों में भी आसानी होगी। उपकरणों के वितरण से पहले उन्हें तैयार करने का काम शुरू कर दिया गया है। ट्राईसाइकिल के पुर्जों को जोड़कर उन्हें उपयोग के लिए तैयार किया जा रहा है। विभाग की कोशिश है कि सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कर अक्टूबर में ही लाभार्थियों को उपकरण सौंप दिए जाएं। 18 हजार दिव्यांगों को हर महीने मिल रही पेंशन जिला समाज कल्याण अधिकारी एवं प्रभारी जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी त्रिनेत्र कुमार सिंह ने बताया कि दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए शासन की ओर से विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के साथ स्वरोजगार शुरू करने के लिए ऋण देने की भी व्यवस्था है। इससे दिव्यांगजन अपना व्यवसाय शुरू कर आर्थिक रूप से स्वावलंबी बन सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिले में करीब 18 हजार दिव्यांगजन दिव्यांग पेंशन योजना का लाभ ले रहे हैं। प्रत्येक लाभार्थी के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से हर महीने एक हजार रुपये की पेंशन भेजी जाती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)