22-लाख की लागत से लगेगी सम्राट पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा:संभल में दीपावली से पहले काम पूरा करने की तैयारी, रात 2 बजे तक चौराहे की पैमाइश
संभल के चंदौसी चौराहे पर सम्राट पृथ्वीराज चौहान की 15 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इस पर 22 लाख रुपये खर्च होंगे। दीपावली से पहले प्रतिमा स्थापित करने और चौराहे के सौंदर्यीकरण का काम पूरा करने के लिए दिन-रात काम किया जा रहा है। शुक्रवार देर रात विनियमित क्षेत्र और लोक निर्माण विभाग (PWD) की संयुक्त टीम ने रात 2 बजे तक चौराहे की पैमाइश की। सभासद के प्रस्ताव पर लगाई जाएगी प्रतिमा यह काम संभल जिला मुख्यालय बहजोई से करीब 18 किलोमीटर दूर नगर पालिका परिषद संभल क्षेत्र के सबसे व्यस्त चंदौसी चौराहे पर कराया जा रहा है। वार्ड-18 की सभासद और जिला योजना समिति की सदस्य चंचल सनी के प्रस्ताव पर यहां सम्राट पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा स्थापित की जानी है। प्रतिमा के लिए 15वें वित्त आयोग से 22 लाख रुपये जारी किए गए हैं। टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। वहीं, चंदौसी चौराहे के सौंदर्यीकरण के लिए शासन से 62 लाख रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है। रात 2 बजे तक की गई पैमाइश विनियमित क्षेत्र के जेई सचिन कुमार और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने चौराहे पर करीब 35 मीटर लंबाई की पैमाइश की। चूना डालकर बड़े और छोटे वाहनों के आवागमन का आकलन किया गया, ताकि प्रतिमा स्थापित होने के बाद यातायात में बाधा न आए। संभल के तीर्थों का भी हो रहा जीर्णोद्धार संभल में 68 तीर्थों और 19 कूपों की 24 कोसीय परिक्रमा से जुड़े विकास कार्यों के लिए सरकार की ओर से 350 करोड़ रुपये का बजट जारी किए जाने की जानकारी दी गई है। बंधन योजना, 15वें वित्त आयोग और नगर पालिका परिषद के बजट से शहर के तीर्थों के जीर्णोद्धार का काम भी चल रहा है। सम्राट पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा के अलावा माता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा भी स्थापित की जानी है। डीएम के निर्देश के बाद काम में तेजी एसडीएम विकास चंद्र ने बताया कि चंदौसी चौराहे पर प्रतिमा स्थापना और सौंदर्यीकरण के काम के लिए पहले बिजली के पोल और ट्रांसफार्मर शिफ्ट किए गए थे। अब काम युद्धस्तर पर शुरू कराया गया है और इसे जल्द पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। डीएम अंकित खंडेलवाल ने करीब 15 दिन पहले चौराहे का निरीक्षण किया था। उन्होंने दीपावली से पहले प्रतिमा स्थापित करने और अन्य कार्य पूरे करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद काम में तेजी लाई गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)