आगरा के 1,351 NHM कर्मचारी हड़ताल पर:जिला अस्पताल में कई डॉक्टर गायब, एक्सरे-अल्ट्रासाउंड जांच के लिए घंटों इंतजार
आगरा में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारियों और चिकित्सकों की हड़ताल से पहले ही दिन सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं बेपटरी हो गईं। जिला अस्पताल में मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा। कई डॉक्टर अपने चैंबर में नहीं बैठे, वहीं पैथोलॉजी और रेडियो डायग्नोस्टिक सेंटर पर जांच के लिए मरीज घंटों इंतजार करते रहे। कई मरीज बिना जांच और इलाज के ही घर लौट गए। सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के साथ लेडी लॉयल और जिला महिला चिकित्सालय में भी सेवाएं प्रभावित रहीं। कई विभागों में डॉक्टर नहीं मिले, पर्चा लेकर भटकते रहे मरीज जिले में NHM के तहत 1,351 डॉक्टर और अन्य कर्मचारी तैनात हैं। जिला अस्पताल में भी बड़ी संख्या में NHM के डॉक्टर सेवाएं देते हैं। हड़ताल के चलते हृदय रोग, जेरियाट्रिक, आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी और फिजियोथेरेपी समेत कई विभागों में डॉक्टर नहीं बैठे। इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचे मरीज पर्चा बनवाने के बाद डॉक्टरों के चैंबर के चक्कर लगाते रहे। टेक्नीशियनों के हड़ताल में शामिल होने से पैथोलॉजी और रेडियो डायग्नोस्टिक सेंटर की सेवाएं भी प्रभावित हुईं। खून और यूरिन की जांच कराने के साथ एक्सरे और अल्ट्रासाउंड के लिए पहुंचे मरीजों को लंबा इंतजार करना पड़ा। जांच काउंटर पर भीड़ लग गई। कई मरीज इंतजार के बाद निजी लैब में जांच कराने चले गए, जबकि कुछ को दूसरी तारीख दी गई। सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के अलावा लेडी लॉयल और जिला महिला चिकित्सालय में भी कार्य बहिष्कार का असर दिखाई दिया। कई मरीजों को बिना इलाज लौटना पड़ा। एसएन मेडिकल कॉलेज से बुलाए जूनियर डॉक्टर जिला अस्पताल की प्रमुख अधीक्षिका डॉ. सुनीता राठौर ने बताया कि कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार के कारण एसएन मेडिकल कॉलेज से जूनियर डॉक्टर बुलाए गए हैं। उन्होंने खुद भी मरीजों को देखा। कुछ डॉक्टरों के हड़ताल में शामिल होने से मरीजों को परेशानी हुई है। मरीज बोलीं- डॉक्टर नहीं मिले, बिना इलाज लौटना पड़ा मरीज आरती ने बताया कि वह इलाज कराने जिला अस्पताल आई थीं। पर्चा बनवाने के बाद डॉक्टर के चैंबर पर पहुंचीं, लेकिन वहां डॉक्टर नहीं मिले। काफी देर इंतजार करने के बाद पता चला कि डॉक्टर हड़ताल पर हैं। ऐसे में उन्हें बिना इलाज के ही लौटना पड़ा। हड़ताल कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)