24 घंटे में सरायन नदी का जलस्तर 8 सेमी घटा:सीतापुर में बाढ़ प्रभावितों को मिली राहत, केशव ग्रीन सिटी समेत 6 मोहल्लों में अब भी पानी भरा

Oct 03, 2026 - 10:45
0
24 घंटे में सरायन नदी का जलस्तर 8 सेमी घटा:सीतापुर में बाढ़ प्रभावितों को मिली राहत, केशव ग्रीन सिटी समेत 6 मोहल्लों में अब भी पानी भरा
सीतापुर में शहर के अंदर से गुजरी सरायन नदी के उफनाने के बाद शनिवार को लगातार दूसरे दिन जलस्तर में कमी दर्ज की गई। पिछले 24 घंटे में नदी का जलस्तर करीब 8 सेंटीमीटर घटा है। जलस्तर में कमी आने से बाढ़ प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों ने राहत की सांस ली है। हालांकि, कई मोहल्लों में अब भी बाढ़ का पानी भरा होने के कारण लोगों की मुश्किलें पूरी तरह कम नहीं हुई हैं। सरायन नदी के बढ़े जलस्तर से शहर की केशव ग्रीन सिटी कॉलोनी समेत करीब छह मोहल्ले जलभराव की चपेट में आ गए थे। सैकड़ों घरों और गलियों में पानी भरने के बाद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। बड़ी संख्या में प्रभावित परिवार अपने घरों को छोड़कर बाढ़ राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं। यहां लोग नदी का जलस्तर और पानी कम होने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि हालात सामान्य होने पर वापस घर लौट सकें। मालूम हो कि पिछले करीब आठ दिनों से सरायन नदी के जलस्तर में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ था। अचानक आई बाढ़ के कारण शहर के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। घरों में पानी घुसने के साथ ही लोगों के सामने खाने-पीने के सामान और दैनिक जरूरतों को सुरक्षित रखने की चुनौती खड़ी हो गई थी। बाढ़ प्रभावित इलाकों में प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य जारी है। पीएसी फ्लड यूनिट की टीमें लगातार नावों के जरिए प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर घरों में रह रहे लोगों तक राहत सामग्री पहुंचा रही हैं। जलभराव वाले इलाकों में टीमों की निगरानी भी जारी है। जलस्तर में लगातार दूसरे दिन आई कमी से लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही बाढ़ का पानी तेजी से उतर सकता है। हालांकि प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों को फिलहाल सुरक्षित स्थानों पर ही रहने की सलाह दी जा रही है।।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User