35 घंटे बाद 3KM दूर मिला किशोर का शव:गोरखपुर के तुर्रा नाले में डूबा था, दो दिन एसडीआरएफ की तलाश में नहीं मिला था सुराग
गोरखपुर के तुर्रा नाले में डूबे निखिल का शव करीब 35 घंटे बाद घटनास्थल से तीन किलोमीटर दूर बड़हरापुल के पास मछली पकड़ने के जाल में फंसा मिला। शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे नाले में डूबे किशोर की एसडीआरएफ ने दो दिन तक तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। रविवार-सोमवार देर रात करीब 1 बजे जाल में शव देखकर जाल लगाने वाले ने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजनों ने शव को बाहर निकाला। दो दिन की तलाश के बाद भी नहीं मिला था सुराग निखिल एयरफोर्स स्टेशन से रजही जाने वाले मार्ग पर तुर्रा नाले के पुल के पास नहा रहा था, तभी डूब गया। शनिवार शाम करीब पांच बजे तलाश शुरू हुई, लेकिन अंधेरा होने पर एक घंटे बाद अभियान रोक दिया गया। रविवार सुबह एसडीआरएफ ने दोबारा तलाश की। नाले में जगह-जगह मछली पकड़ने के जाल लगे होने के कारण उन्हें हटवाने में भी समय लगा। दिनभर अभियान चलाने के बाद टीम सोमवार सुबह फिर तलाश करने की बात कहकर लौट गई। चिलबिलवा डिप्टी टोला के राजकुमार, अशोक, राहुल, प्रिंस, आदित्य और शिवा ने तलाश में तेजी नहीं दिखाने का आरोप लगाया था। उनका कहना था कि नाले में लगे जाल हटाने में भी काफी समय लगा। बेटे की मौत से बेसुध हुआ परिवार रात करीब एक बजे बड़हरापुल के पास जाल में फंसा शव देखकर जाल लगाने वाले ने परिजनों को सूचना दी। अनूप कुमार और अभिषेक मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकाला। सूचना पर पीआरवी-112 के साथ पिपराइच और एम्स थाने की पुलिस पहुंची। पिपराइच पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखवाया। निखिल परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी तीन बहनें हैं। बेटे की तलाश के दौरान पिता रंजू प्रसाद नाले के किनारे पुकारते रहे थे, “निखिल, कहां हो बेटा... आओ, 500 रुपये ले जाओ।” बेटे की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। निखिल मूल रूप से पिपराइच क्षेत्र के भटहट ब्लॉक स्थित पोखरभिंडा गांव का रहने वाला था। वह पांच साल से चिलबिलवा के डिप्टी टोला में अपनी मौसी रुमाली देवी और मौसा जयप्रकाश के घर रह रहा था। दसवीं तक पढ़ाई करने के बाद वह स्टील बिल्डिंग से जुड़े काम में लगा था। शव घटनास्थल से तीन किलोमीटर दूर जाल में मिलने के बाद तलाशी अभियान के दौरान नाले में लगे जाल हटाने और पूरे क्षेत्र की जांच को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ये भी खबर पढ़े… यूपी में लव मैरिज करने वाली जिंदा बेटी का पिंडदान:पिता बोला- परिवार की इज्जत मिट्टी में मिला दी, वो हमारे लिए मर गई चंदौली में शनिवार शाम पिता ने अपनी जिंदा बेटी का पिंडदान कर दिया। उसकी बेटी ने परिवार की मर्जी के बिना दूसरी जाति के लड़के से शादी कर ली थी। पिता ने बेटी को समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी। बेटी की लव मैरिज से नाराज पिता ने पितृ विसर्जन पर बेटी का श्राद्ध कर दिया।पढ़िए पूरी खबर…
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)