38 हजार के कर्ज पर 1.45 लाख चुकाए:बस्ती में 8.60 लाख का फर्जी चेक लगाने का आरोप, पुलिस ने केस दर्ज किया

Sep 30, 2026 - 09:35
0
38 हजार के कर्ज पर 1.45 लाख चुकाए:बस्ती में 8.60 लाख का फर्जी चेक लगाने का आरोप, पुलिस ने केस दर्ज किया
बस्ती के सोनहा थाना क्षेत्र के कोठिला गांव में कर्ज के नाम पर धोखाधड़ी और अधिक ब्याज वसूलने का आरोप लगाते हुए किराना दुकानदार ने पुलिस से शिकायत की है। दुकानदार का आरोप है कि उसने 38 हजार रुपये उधार लिए थे। इसके बदले ब्याज समेत 1.45 लाख रुपये चुकाने के बाद भी उसके पिता के सादे चेक वापस नहीं किए गए। बाद में उन्हीं चेक में से एक पर फर्जी हस्ताक्षर कर 8.60 लाख रुपये भरकर बैंक में लगा दिया गया। पुलिस ने मामले में अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोठिला गांव निवासी लक्ष्मण पुत्र राधेश्याम ने 28 सितंबर 2026 को सोनहा पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके छह बच्चे और वृद्ध माता-पिता हैं। परिवार के भरण-पोषण के लिए वह गांव में किराना की दुकान चलाता है। आर्थिक परेशानी के दौरान मार्च 2023 में उसने आहर गांव निवासी नारायण दत्त तिवारी से 10 प्रतिशत मासिक ब्याज पर 15 हजार रुपये उधार लिए। इसके बाद 10 हजार और 13 हजार रुपये और लिए। इस तरह कुल 38 हजार रुपये हो गए। लक्ष्मण का आरोप है कि गारंटी के लिए नारायण दत्त ने उसके पिता से तीन सादे चेक रख लिए। करीब एक साल तक वह रकम नहीं चुका सका। इसके बाद एक-दो हजार रुपये करके भुगतान करने लगा। अप्रैल 2025 में नारायण दत्त ने 1.45 लाख रुपये बकाया बताए। लक्ष्मण के अनुसार उसने जमीन बेचकर एक लाख रुपये दिए, जिसमें 90 हजार रुपये खाते में और 10 हजार रुपये नकद दिए। बाकी 45 हजार रुपये भी अलग-अलग किस्तों में देने का दावा किया। आरोप है कि इसके बाद भी चेक वापस नहीं किए गए। बाद में मिले लीगल नोटिस से लक्ष्मण को पता चला कि उसके पिता के सादे चेक पर फर्जी हस्ताक्षर कर 8.60 लाख रुपये भरकर बैंक में लगाया गया है। एसपी के निर्देश पर 28 सितंबर को कार्रवाई के आदेश दिए गए। सोनहा थाना प्रभारी ने 29 सितंबर 2026 की शाम 4 बजे सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज करने के निर्देश दिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User