60 सदस्यीय कोर कमेटी से चुनाव कराने की तैयारी:एएमयू छात्रसंघ चुनाव की तैयारियां तेज, निर्वाचन अधिकारी ने भेजा इंतजामिया को प्रस्ताव,नए वोटरों से बदलेगा सियासी गणित

Oct 16, 2026 - 09:34
0
60 सदस्यीय कोर कमेटी से चुनाव कराने की तैयारी:एएमयू छात्रसंघ चुनाव की तैयारियां तेज, निर्वाचन अधिकारी ने भेजा इंतजामिया को प्रस्ताव,नए वोटरों से बदलेगा सियासी गणित
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में छात्रसंघ चुनाव की तैयारियां अब निर्णायक दौर में पहुंचने लगी हैं। चुनाव को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से कराने के लिए इंतजामिया के सामने सबसे अहम प्रस्ताव 60 सदस्यीय कोर कमेटी के गठन का है। चुनाव अधिकारी ने कमेटी के सदस्यों को लेकर प्रस्ताव विश्वविद्यालय प्रशासन को भेज दिया है। कमेटी के गठन पर मुहर लगने के साथ चुनावी व्यवस्था को गति मिलने की उम्मीद है। दूसरी ओर, नए मतदाताओं के जुड़ने से इस बार छात्रसंघ का सियासी गणित भी बदल सकता है। प्रत्याशियों की नजर खास तौर पर सामाजिक विज्ञान और इंजीनियरिंग संकाय पर रहेगी, जहां 2018 के चुनाव में सबसे ज्यादा मतदाता थे। कोर कमेटी से संभाली जाएगी चुनावी व्यवस्था एएमयू में छात्रसंघ चुनाव आठ साल के अंतराल के बाद हो रहा है। ऐसे में मतदान से लेकर मतगणना तक की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाने के लिए कोर कमेटी की भूमिका अहम होगी। चुनाव अधिकारी प्रो. जावेद तालिब के मुताबिक, कमेटी के गठन का प्रस्ताव इंतजामिया को भेजा गया है। वर्ष 2018 में पहले 76 सदस्यों को इस कमेटी में शामिल किया गया था। बाद में 20 सदस्य और जोड़े गए थे। इस बार 60 अतिरिक्त सदस्यों को शामिल करने का प्रस्ताव भेजा गया है। प्रस्ताव पर प्रशासन की मंजूरी के बाद कमेटी की तस्वीर साफ होगी। चुनाव की तैयारियों के बीच उम्र संबंधी पात्रता में राहत का मुद्दा भी उठा है। कुछ छात्र संगठनों ने कुलपति को प्रार्थना पत्र देकर उम्र सीमा में छूट देने की मांग की है। चुनाव अधिकारी के अनुसार, इस संबंध में प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। कोर कमेटी और इंतजामिया की मंजूरी मिलने पर इस पर फैसला हो सकता है। उम्र में राहत मिलती है या नहीं, इसका असर चुनाव लड़ने के इच्छुक छात्रों की पात्रता पर पड़ सकता है। 20,929 से बढ़कर 22-24 हजार तक पहुंच सकते हैं वोटर वर्ष 2018 के छात्रसंघ चुनाव में विश्वविद्यालय के 14 संकायों और इकाइयों में कुल 20,929 मतदाता दर्ज थे। इस बार चुनाव अधिकारी ने 22 हजार से 24 हजार के बीच मतदान होने की संभावना जताई है। यह अनुमान है, अंतिम मतदाता संख्या और मतदान का वास्तविक आंकड़ा मतदाता सूची तथा चुनाव के बाद ही स्पष्ट होगा। चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक, 26 अक्टूबर को मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रिया शुरू होगी। पांच नवंबर को 14 केंद्रों पर मतदान कराया जाना है। इसके बाद शाम सात बजे से मतगणना शुरू करने की योजना है। संभावित मतदाताओं की संख्या अधिक होने के कारण गिनती लंबी चल सकती है। ऐसे में अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों के नाम देर रात या अगले दिन तक सामने आने की संभावना है। आठ साल बाद हो रहे इस चुनाव में मतदाता सूची की भूमिका खास होगी। नए मतदाताओं के जुड़ने से पुराने समीकरणों में बदलाव संभव है। उम्मीदवारों को अब केवल अपने समर्थकों की संख्या ही नहीं, बल्कि अलग-अलग संकायों में मतदान के रुझान और वोटों के बंटवारे को भी ध्यान में रखना होगा। सामाजिक विज्ञान और इंजीनियरिंग में सबसे बड़ा वोट बैंक 2018 के आंकड़ों में सामाजिक विज्ञान संकाय 3,196 मतदाताओं के साथ दूसरे सबसे बड़े समूह के रूप में सामने आया था, जबकि इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संकाय में 3,199 मतदाता थे। दोनों के बीच केवल तीन वोट का अंतर था। महिला कॉलेज में भी 2,741 मतदाता दर्ज थे, जबकि विज्ञान संकाय में 2,694 मतदाता थे। इन्हीं आंकड़ों के चलते सामाजिक विज्ञान और इंजीनियरिंग संकाय चुनावी रणनीति के केंद्र में रहेंगे। यहां उम्मीदवारों को बढ़त मिलने से उनके कुल मतों पर असर पड़ सकता है। हालांकि केवल मतदाता संख्या से जीत तय नहीं होती; मतदान प्रतिशत, उम्मीदवारों की लोकप्रियता और दूसरे संकायों में समर्थन भी परिणाम को प्रभावित करेंगे। “छात्रसंघ चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए तैयारियां जारी हैं। कोर कमेटी के गठन का प्रस्ताव इंतजामिया को भेज दिया गया है।”— प्रो. जावेद तालिब, चुनाव अधिकारी, एएमयू छात्रसंघ कैबिनेट सदस्य के लिए सैयद फैजान ने पेश की दावेदारी अलीगढ़। एएमयू छात्रसंघ चुनाव में कैबिनेट सदस्य पद के लिए बीए ऑनर्स राजनीति विज्ञान द्वितीय वर्ष के छात्र सैयद फैजान ने भी दावेदारी पेश की है। उन्होंने अपने एजेंडे में शैक्षणिक सुविधाओं में सुधार, हॉस्टल-मेस और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने, छात्रों की समस्याओं के समाधान और प्रशासन से संवाद मजबूत करने पर जोर दिया है। साथ ही, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, इंटर्नशिप और कौशल विकास के अधिक अवसर उपलब्ध कराने का वादा किया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User