68 हजार ग्राम प्रहरियों का मानदेय बढ़ाएंगे सीएम योगी:बरेली पुलिस लाइन में आज मुख्यमंत्री करेंगे ऐलान, विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को भी करेंगे सम्मानित

Oct 13, 2026 - 07:48
0
68 हजार ग्राम प्रहरियों का मानदेय बढ़ाएंगे सीएम योगी:बरेली पुलिस लाइन में आज मुख्यमंत्री करेंगे ऐलान, विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को भी करेंगे सम्मानित
आज शारदीय नवरात्रि के तीसरे दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बरेली आ रहे है। बरेली में वो पुलिस लाइन में ग्राम प्रहरियों के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वाले लाभार्थियों को सम्मानित करेंगे। इसके बाद वो बरेली क्लब ग्राउंड में शिक्षक सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। यहां 9 जिलों के हजारों शिक्षक मौजूद रहेंगे। सीएम एमएलसी प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लो के लिए शिक्षकों से समर्थन मांगेगे। सीएम एक घंटे सर्किट हाउस में रुकेंगे, जहां सभी जनप्रतिनिधियों के साथ वो चुनाव पर चर्चा करेंगे और वही फलाहार किया जाएगा। सर्किट हाउस में 100 लोगों के फलाहार की व्यवस्था की गई है। 25 सौ से बढ़कर 35 सौ हो जाएगा मानदेय उत्तर प्रदेश के 68 हजार ग्राम प्रहरियों को राज्य सरकार बड़ा तोहफा देने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को बरेली पुलिस लाइन में आयोजित सम्मेलन के दौरान प्रहरियों को सम्मानित करेंगे और उनके मानदेय में एक हजार रुपए मासिक बढ़ोतरी की घोषणा करेंगे। इस फैसले के बाद ग्राम प्रहरियों का मानदेय 2,500 रुपए से बढ़कर सीधे 3,500 रुपए प्रति माह हो जाएगा। 40 प्रतिशत की इस एकमुश्त वृद्धि से प्रत्येक प्रहरी को सालाना 12 हजार रुपए की अतिरिक्त आमदनी होगी। 140 बसो से पुलिस लाइन पहुंचेंगे लाभार्थी बरेली पुलिस लाइन में आयोजित हो रहे इस भव्य कार्यक्रम मे 140 बसों से 7 हजार लाभार्थी पहुंचेंगे। इनमें ग्राम प्रहरियों के साथ मुख्यमंत्री आवास योजना समेत अन्य योजनाओं का लाभ लेने वाले लाभार्थी भी रहेंगे। सभी ब्लॉकों से बसे सुबह से ही लाभार्थियों को लेने के लिए पहुंच जाएगी। 11:40 पर सीएम योगी आदित्यनाथ पुलिस लाइन पहुंचकर लाभार्थियों को सम्मान देंगे और ग्राम प्रहरियों के मानदेय में बढ़ोत्तरी की घोषणा करेंगे। ग्रामीण सुरक्षा तंत्र की मजबूत रीढ़ हैं थाने से जुड़े प्रहरी गृह विभाग के अधीन काम करने वाले ये ग्राम प्रहरी गांवों और स्थानीय थानों के बीच सबसे अहम संपर्क सूत्र हैं। ग्रामीण अंचलों में किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि, जमीनी विवाद, कानून-व्यवस्था की स्थिति या अपराध से जुड़ी गोपनीय सूचनाएं सबसे पहले इन्हीं के जरिए पुलिस तक पहुंचती हैं। गांवों में सुरक्षा व्यवस्था की पहली कड़ी होने के बावजूद ये लंबे समय से अल्प मानदेय में बढ़ोतरी की मांग उठा रहे थे, जिस पर अब सरकार ने मुहर लगा दी है। सरकारी खजाने पर हर साल पड़ेगा 84 करोड़ का अतिरिक्त भार प्रदेश भर में तैनात 60 हजार ग्राम प्रहरियों के मानदेय में वृद्धि से सरकारी खजाने पर हर महीने करीब 7 करोड़ रुपए का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा। इस हिसाब से सालाना कुल 84 करोड़ रुपए का अतिरिक्त व्यय होगा। वित्त विभाग ने इस वित्तीय भार की रूपरेखा तैयार कर ली है और संभावना है कि सरकार आगामी अनुपूरक बजट में इस मद के लिए आवश्यक धनराशि का विधिवत प्रावधान करेगी। चुनावी माहौल से पहले मानदेय कर्मियों की आय बढ़ाने पर जोर योगी सरकार बीते कुछ महीनों से संविदा और मानदेय पर निर्भर विभिन्न संवर्गों की आय में लगातार सुधार कर रही है। परिषदीय स्कूलों की 3.53 लाख रसोइयों का मानदेय 2,000 से बढ़ाकर 3,000 रुपए किया जा चुका है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में 4,000 और सहायिकाओं में 2,000 रुपए का इजाफा हुआ है। इसके साथ ही 57 हजार से अधिक पंचायत सहायकों का मानदेय 6,000 से 9,000 रुपए और पीआरडी स्वयंसेवकों का दैनिक भत्ता 500 से बढ़ाकर 600 रुपए किया जा चुका है। अब इसी कड़ी में ग्राम प्रहरियों को राहत दी जा रही है। सवा करोड़ लाभार्थियों की सामाजिक पेंशन में भी 500 रुपए बढ़ोतरी की तैयारी मानदेय कर्मियों के साथ ही सरकार प्रदेश के सवा करोड़ से अधिक पेंशनर्स को भी बड़ी राहत देने का मन बना चुकी है। मुख्यमंत्री की सैद्धांतिक सहमति के बाद वृद्धावस्था, निराश्रित महिला (विधवा) और दिव्यांगजन पेंशन की राशि को 1,000 से बढ़ाकर 1,500 रुपए प्रति माह करने का प्रस्ताव तैयार है। नवंबर के दूसरे पखवाड़े में इस प्रस्ताव को कैबिनेट में लाए जाने की संभावना है, जिससे 67 लाख बुजुर्गों, 42 लाख विधवाओं और 12 लाख दिव्यांगों को सालाना 6 हजार रुपए अतिरिक्त मिल सकेंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User