70वीं प्रदेशीय बुशू प्रतियोगिता में महिला खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम:10 मंडलों की खिलाड़ियों ने प्रतिद्वंदियों को दी करारी मात; देर रात तक आएंगे नतीजे
चंदौली जिले के सैयदराजा स्थित नेशनल इंटर कॉलेज के सभागार में 70वीं प्रदेशीय विद्यालयी बुशू प्रतियोगिता चल रही है। गुरुवार को प्रतियोगिता के दूसरे दिन बालिका वर्ग की खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग की इन प्रतियोगिताओं में प्रदेश के 10 मंडलों से आई महिला खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और प्रतिद्वंदियों को करारी मात दी। आयोजकों ने बताया कि महिला वर्ग के खेल का परिणाम देर रात तक घोषित कर दिया जाएगा। हालांकि, पूरी प्रतियोगिता खत्म होने के बाद शनिवार को विजेताओं के नाम का एलान होगा। नेशनल इंटर कॉलेज के सभागार में यह चार दिवसीय 70वीं प्रदेशीय विद्यालयी बुशू प्रतियोगिता आयोजित की गई है। प्रतियोगिता का उद्घाटन बुधवार को राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने फीता काटकर किया था। गुरुवार को दूसरे दिन विभिन्न भार वर्ग की महिला खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का जौहर दिखाया। आयोजक अनिल सिंह ने बताया कि इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 10 मंडलों से महिला और पुरुष वर्ग के खिलाड़ी शामिल हैं। 17 और 19 वर्ष की आयु के खिलाड़ियों को उनके वजन के अनुसार अलग-अलग भार वर्गों में बांटकर प्रतियोगिताएं कराई जा रही हैं। निर्णायक मंडल ने खिलाड़ियों के खेल पर बारीकी से नजर रखी और विजेताओं व उपविजेताओं को अपनी सूची में दर्ज किया। अनिल सिंह ने बताया कि निर्णायक मंडल में कई पैनल बनाए गए हैं। हर मैच के दौरान तीन रेफरी खेल पर नजर रखते हैं। उन्होंने बताया कि देर रात तक 17 और 19 आयु वर्ग के महिला भार वर्ग के परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। इसके बाद अगले दिन से बालक वर्ग की प्रतियोगिताएं शुरू होंगी। यह पूरी प्रतियोगिता प्रदेश स्तर की निर्णायक मंडल टीम के मार्गदर्शन में हो रही है। गैर जनपद से आए खिलाड़ियों के रहने, खाने और पीने की उचित व्यवस्था भी की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)