8 साल से भर्ती नहीं, सड़कों पर उतरे JE अभ्यर्थी:अभ्यर्थियों ने UPSSSC कार्यालय के बाहर नारेबाजी की, बोले- आश्वासन नहीं, अब भर्ती चाहिए
अवर अभियंता (यांत्रिक एवं विद्युत) भर्ती का विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर बुधवार को करीब 100 अभ्यर्थी पिकप भवन स्थित उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के कार्यालय पहुंचे। अभ्यर्थियों ने कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर नारेबाजी की और हाथों में बैनर लेकर आयोग से लंबे समय से लंबित भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे पिछले करीब आठ साल से इस भर्ती का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन हर बार किसी न किसी वजह से प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है। दो महीने में 15वीं-16वीं बार आयोग पहुंचे अभ्यर्थी प्रदर्शन में शामिल इलेक्ट्रिकल के छात्र अवनीश प्रजापति ने बताया कि वह पिछले दो महीने में करीब 15वीं-16वीं बार आयोग के अधिकारियों के सामने अपनी मांग रखने पहुंचे हैं। उनके मुताबिक, इस बार भी करीब 100 अभ्यर्थी पिकप भवन पहुंचे हैं। अवनीश ने कहा कि 2023 में अवर अभियंता भर्ती का अधियाचन आयोग को भेजा गया था। उस समय PET-2023 के आधार पर भर्ती की उम्मीद थी। इसके बाद PET-2024 नहीं हुआ और अभ्यर्थियों को PET-2025 के आधार पर भर्ती कराने की बात कही गई। अब PET-2025 के आधार पर आयोग की ओर से कई भर्ती विज्ञापन जारी किए जा चुके हैं, लेकिन इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल JE भर्ती का विज्ञापन अब तक नहीं आया है। 23 विज्ञापन जारी, JE भर्ती अब तक अटकी अभ्यर्थियों का कहना है कि UPSSSC की ओर से PET-2025 के आधार पर अब तक करीब 23 भर्ती विज्ञापन जारी किए जा चुके हैं। हाल में क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी के पदों का विज्ञापन भी जारी किया गया है। ऐसे में अभ्यर्थियों का सवाल है कि जब अन्य पदों के लिए विज्ञापन जारी हो रहे हैं तो इलेक्ट्रिकल-मैकेनिकल JE भर्ती का विज्ञापन क्यों नहीं जारी किया जा रहा है। अवनीश प्रजापति ने कहा कि “जब 23 विज्ञापन आ चुके हैं तो 24वां विज्ञापन JE इलेक्ट्रिकल-मैकेनिकल का क्यों नहीं आ सकता, जबकि करीब तीन साल पहले से भर्ती का प्रस्ताव आयोग के पास है।” कभी सिलेबस तो कभी योग्यता, हर बार बदला कारण अभ्यर्थियों के मुताबिक, पिछले दो-तीन महीनों में आयोग के अधिकारियों से कई बार बातचीत हुई। इस दौरान भर्ती में देरी को लेकर अलग-अलग कारण बताए गए। कभी सिलेबस को लेकर बात कही गई तो कभी योग्यता को लेकर मामला अटकने की जानकारी दी गई। बाद में PET को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं की गई। अभ्यर्थियों का कहना है कि कई बार बातचीत और लगातार चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें ठोस तारीख या विज्ञापन जारी होने की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है। ‘डिप्टी CM के घर के हजारों चक्कर लगे, अब तो भर्ती निकाल दो’ प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थी हाथों में बैनर लेकर पहुंचे थे। इनमें सरकार से भर्ती जारी करने की अपील की गई। एक बैनर पर लिखा था- “डिप्टी CM बृजेश पाठक के घर के हजारों चक्कर लगे, अब तो भर्ती निकाल दो।” अभ्यर्थियों ने कहा कि वे अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से लगातार मुलाकात कर चुके हैं। इसके बावजूद भर्ती का विज्ञापन नहीं निकलने से तकनीकी डिप्लोमा धारक युवाओं में नाराजगी बढ़ रही है। सचिव से अंतिम बार विनम्र अपील अवनीश ने कहा कि अभ्यर्थी आयोग के सचिव से लगातार अपनी बात रख रहे हैं और अब उनकी मांग बेहद स्पष्ट है। उन्होंने कहा कि यदि आयोग के पास भर्ती का अधियाचन पहले से मौजूद है और PET-2025 के आधार पर अन्य भर्तियों के विज्ञापन जारी हो रहे हैं तो JE इलेक्ट्रिकल-मैकेनिकल का विज्ञापन भी जारी किया जाना चाहिए। अभ्यर्थियों ने UPSSSC से भर्ती की वर्तमान स्थिति स्पष्ट करने, देरी का कारण बताने और PET-2025 के आधार पर अवर अभियंता (यांत्रिक एवं विद्युत) के रिक्त पदों पर भर्ती का विज्ञापन जल्द जारी करने की मांग की है। आठ साल से इंतजार, अब समयबद्ध भर्ती की मांग प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बड़ी संख्या में तकनीकी डिप्लोमा धारक युवा रोजगार की उम्मीद में इस भर्ती का इंतजार कर रहे हैं। लगातार भर्ती न निकलने से उनकी उम्र और रोजगार के अवसर प्रभावित हो रहे हैं। अभ्यर्थियों ने आयोग से मांग की कि मामले को प्राथमिकता देते हुए भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)