8 ट्रांजेक्शन में खाते से निकले 4.34 लाख रुपये:शामली में साइबर ठगी के पीड़ित ने एसपी से एफआईआर दर्ज कराने की मांग की
शामली में शहर के मोहल्ला अटल विहार निवासी एक व्यक्ति के बैंक खाते से साइबर ठगों ने आठ ट्रांजेक्शन के जरिए 4,34,763.16 रुपये निकाल लिए। खाते से रकम कटने के मैसेज मिलने पर पीड़ित को ठगी का पता चला। उन्होंने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद एसपी को प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है। मोहल्ला अटल विहार निवासी प्रमोद कुमार पुत्र सीताराम ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनका पंजाब नेशनल बैंक में खाता है। 27 अगस्त 2026 को उनके मोबाइल पर खाते से रुपये डेबिट होने के मैसेज आए। इसके बाद उन्होंने बैंक जाकर जानकारी की, तो पता चला कि खाते से कई बार में रकम निकाली गई है। पांच बड़े ट्रांजेक्शन में निकले 3.54 लाख रुपये प्रार्थना पत्र के अनुसार, खाते से पहली बार 25,970.15 रुपये, दूसरी बार 1,21,933.71 रुपये, तीसरी बार 30,900 रुपये, चौथी बार 95,965.30 रुपये और पांचवीं बार 79,993 रुपये निकाले गए। इसके अलावा एक रुपये, 30 हजार रुपये और 50 हजार रुपये के तीन अन्य ट्रांजेक्शन भी हुए। इस तरह कुल आठ ट्रांजेक्शन में खाते से 4,34,763.16 रुपये निकल गए। पीड़ित ने बताया कि मामले में साइबर क्राइम पुलिस थाना शामली में शिकायत संख्या 33108260222985 दर्ज कराई गई है। इसके बाद 17 अक्टूबर 2026 को एसपी को प्रार्थना पत्र देकर ठगी करने वाले व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)