9 अक्टूबर को सपा की विचार-गोष्ठी, महापुरुषों को देंगे श्रद्धांजलि:लिसाड़ी में होगा कार्यक्रम, चार समाजवादी महापुरुषों को किया जाएगा याद

Oct 08, 2026 - 14:22
0
9 अक्टूबर को सपा की विचार-गोष्ठी, महापुरुषों को देंगे श्रद्धांजलि:लिसाड़ी में होगा कार्यक्रम, चार समाजवादी महापुरुषों को किया जाएगा याद
मेरठ में गुरूवार को ओलिविया रेस्टोरेंट में समाजवादी पार्टी-मेरठ की ओर से प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इसमें डॉ. आदित्य सिंह लिसाड़ी ने 9 अक्टूबर को लिसाड़ी में होने वाले श्रद्धांजलि और विचार गोष्ठी कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समाजवादी महापुरुषों की पुण्यतिथियों के अवसर पर यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसमें जयप्रकाश नारायण, मान्यवर कांशीराम, पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव और डॉ. राममनोहर लोहिया के विचारों पर चर्चा की जाएगी। डॉ. आदित्य सिंह ने बताया कि इसी सप्ताह 8 अक्टूबर को जयप्रकाश नारायण, 9 अक्टूबर को मान्यवर कांशीराम, 10 अक्टूबर को नेता जी मुलायम सिंह यादव और 12 अक्टूबर को डॉ. राममनोहर लोहिया की पुण्यतिथि है। लगातार इन महापुरुषों की पुण्यतिथियां आने को देखते हुए गांव के बड़े-बुजुर्गों और साथियों के साथ विचार-विमर्श किया गया। इसके बाद 9 अक्टूबर को लिसाड़ी में श्रद्धांजलि और विचार गोष्ठी आयोजित करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि जयप्रकाश नारायण और डॉ. राममनोहर लोहिया का दौर उन्होंने नहीं देखा, लेकिन मान्यवर कांशीराम और नेता जी मुलायम सिंह यादव का दौर उन्होंने देखा है। आज के समय में कहीं न कहीं विचारों की कमी महसूस होती है। इसी वजह से इस विचार गोष्ठी के माध्यम से अपने साथियों, अपने से छोटों और बड़ों को इन महापुरुषों के विचारों से अवगत कराने का प्रयास किया जा रहा है। आदित्य ने कहा कि इन महापुरुषों ने जो रास्ता बनाया और समाज के लिए जिस विचार के साथ काम किया, उस विचार और उनके बताए रास्ते को सभी लोगों तक पहुंचाना जरूरी है। आने वाली युवा पीढ़ी उनके विचारों को पढ़े, उनसे सीख ले और उनके बताए रास्ते को अपने जीवन में अपनाकर अपने भविष्य को बेहतर बनाने का प्रयास करे, यही इस कार्यक्रम का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि अभी यह कार्यक्रम बहुत बड़े स्तर का नहीं है, बल्कि सामाजिक स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने अपनी ओर से लोगों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क किया है और हाथ जोड़कर अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने का अनुरोध किया है। जिले में प्रत्येक व्यक्ति तक अपना संदेश और निवेदन पहुंचाने का प्रयास किया गया है। आदित्य ने बताया कि फिलहाल यह प्रयास मेरठ दक्षिण विधानसभा क्षेत्र और जनपद के आसपास के लोगों तक किया गया है। कार्यक्रम के सफल होने के बाद आने वाले समय में इसे और व्यापक स्तर पर ले जाने का प्रयास रहेगा। खास तौर पर युवा पीढ़ी को समाजवादी महापुरुषों के विचारों से जोड़ने और उनके विचारों से सीख लेने का संदेश दिया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User