900 संविदा स्वास्थ्य कर्मियों की हड़ताल का पांचवां दिन:कुशीनगर में सीएमओ कार्यालय पर धरना जारी, आरोग्य मंदिर और एएनएम सेंटर बंद
कुशीनगर में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के करीब 900 संविदा स्वास्थ्यकर्मियों की हड़ताल शनिवार को पांचवें दिन भी जारी रही। कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर सीएमओ कार्यालय के सामने धरना दिया। हड़ताल के चलते जिले के ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ा है। हड़ताल कर रहे कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में नियमितीकरण और समान काम के लिए समान वेतन शामिल है। मांगें पूरी नहीं होने के कारण कर्मचारी काम पर नहीं लौटे हैं। इससे स्वास्थ्य विभाग के कई कार्यक्रमों का संचालन प्रभावित हुआ है। टीबी, टीकाकरण और बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम प्रभावित संविदा स्वास्थ्यकर्मियों के काम बंद करने से टीबी कार्यक्रम, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके), टीकाकरण और कई जांच कार्यक्रम प्रभावित हुए हैं। जिले के 205 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में से कई पर सेवाएं बाधित रहीं। करीब 175 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) भी हड़ताल में शामिल हैं। नियमित कर्मचारियों के जरिए सेवाएं जारी रखने की कोशिश हड़ताल के कारण कई आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और एएनएम सेंटरों पर ताले लग गए हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं मिलने में परेशानी हो रही है। सीएमओ डॉ. चंद्र प्रकाश ने बताया कि नियमित कर्मचारियों के जरिए स्वास्थ्य सेवाएं जारी रखने की कोशिश की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)