नशीली गोलियां खिलाकर प्रेमी से करती थी बात:मेरठ में 13 महीने के अफेयर में पति को मार डाला, पढ़िए ब्यूटीशियन पत्नी की लवस्टोरी

Oct 10, 2026 - 09:40
0
नशीली गोलियां खिलाकर प्रेमी से करती थी बात:मेरठ में 13 महीने के अफेयर में पति को मार डाला, पढ़िए ब्यूटीशियन पत्नी की लवस्टोरी
मेरठ में पति तालिब की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी इल्मा को गिरफ्तार किया है। इल्मा ने प्रेमी अमन के साथ मिलकर पति की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। इसके बाद परिजनों को बताया कि तालिब की मौत हार्टअटैक से हुई है। तालिब के शव को दफनाने से पहले परिजनों ने उसके गले पर निशान देखे तो उन्हें शक हुआ। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें गला दबाने से मौत होने की पुष्टि हुई। पिता की तहरीर पर पुलिस ने इल्मा और उसके प्रेमी अमन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने शुक्रवार को इल्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि अमन की तलाश की जा रही है। पुलिस पूछताछ में इल्मा और अमन के करीब आने से लेकर हत्या की साजिश तक की बातें सामने आई हैं। 4 साल पहले शादी हुई थी, दोनों की 1 बेटी मुजफ्फरनगर के रसूलपुर-दभेड़ी गांव निवासी जुल्फिकार के बेटे तालिब (30) की शादी 4 साल पहले मेरठ के ब्रह्मपुरी इलाके में अंजुम पैलेस निवासी मोमिन की बेटी इल्मा (27) से हुई थी। दोनों की 3 साल की बेटी है। तालिब राजमिस्त्री का काम करता था। शादी के बाद वह पत्नी के साथ मेरठ की जाकिर नगर कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था। इल्मा पास में स्थित सिग्नेचर स्टाइल ब्यूटी स्टूडियो में काम करती थी। 28 सितंबर को इल्मा ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर तालिब की हत्या कर दी थी। परिजनों को हार्ट अटैक से मौत की जानकारी दी। 29 सितंबर को परिजनों ने सामान्य मौत समझकर तालिब के शव को दफना दिया। शक होने के बाद शव को 8 अक्टूबर को कब्र से बाहर निकाला गया। पोस्टमार्टम किया गया तो पता चला कि तालिब की गला दबाकर हत्या की गई। पुलिस ने पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने हत्या की बात कबूल की। अब पढ़िए इल्मा और अमन की मुलाकात कैसे हुई… 13 महीने पहले हुई थी मुलाकात पुलिस पूछताछ में इल्मा ने बताया कि वह ब्यूटीशियन है और एक पार्लर में काम करती थी। अमन भी इसी क्षेत्र से जुड़ा था करीब 13 महीने पहले वह सातफुटा रोड की ओर पार्लर जा रही थी। उसकी गोद में 3 साल की बेटी इमरा थी। रास्ते में उसकी नजर दुकान के बाहर खड़े अमन पर पड़ी। दोनों के बीच नजरें मिलीं और अमन मुस्कुराया। करीब एक सप्ताह तक रास्ते में एक-दूसरे को देखने के बाद अमन ने इल्मा से बातचीत शुरू की। दोनों ने मोबाइल नंबर साझा किए और फिर फोन व सोशल मीडिया पर बातचीत करने लगे। धीरे-धीरे दोनों करीब आ गए और पार्क में मिलने लगे। पुलिस के मुताबिक, अमन के भाई ने भी दोनों को सूरजकुंड पार्क में साथ बैठे देखा था। उसने दोनों को समझाया कि इल्मा शादीशुदा है और अमन अविवाहित है, इसलिए यह रिश्ता आगे नहीं बढ़ाना चाहिए। हालांकि, इसके बाद भी दोनों का मिलना-जुलना और बातचीत जारी रही। पति ने समझाया, लेकिन नहीं मानी इल्मा पुलिस पूछताछ में सामने आया कि तालिब ने भी कई बार इल्मा को अमन से बात करते हुए पकड़ा था। उसने पत्नी को समझाया और इस बारे में अपनी सास मुन्नी को भी बताया। मुन्नी ने बेटी से पूछताछ की, लेकिन इल्मा ने आरोपों से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसके बाद भी इल्मा और अमन संपर्क में रहे। दोनों की बातचीत बढ़ती गई। इल्मा ने बताया कि वह पति से परेशान थी और उसके साथ नहीं रहना चाहती थी। इसी दौरान दोनों ने तालिब को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। नशीली गोलियां देने के बाद हत्या का आरोप पुलिस के अनुसार, इल्मा पति को खाने में नशीली गोलियां मिलाकर देती थी। इससे तालिब गहरी नींद में सो जाता और वह अमन से बात करती रहती थी। पुलिस हत्या वाली रात की घटनाओं और दोनों के बीच हुई बातचीत की भी जांच कर रही है। घटना वाली रात तालिब और इल्मा के बीच विवाद हुआ। इसके बाद इल्मा ने तालिब को नशीला खाना दिया और अमन को फोन कर घर बुलाया। इल्मा ने तालिब के पैर पकड़े और अमन ने दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया। इसके बाद अमन मौके से फरार हो गया। इल्मा ने शुरुआत में तालिब की मौत हार्टअटैक से होने की बात कही थी। हालांकि, गले पर निशान मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत की पुष्टि होने के बाद मामला हत्या का निकला। पुलिस अब फरार अमन की तलाश कर रही है। ------------------------------ ये खबर भी पढ़िए- मेरठ में ब्यूटीशियन बोली-पति की हत्या की, मुझे फांसी हो:अब बहुत याद आ रही, पछतावा हो रहा; प्रेमी के साथ मिलकर की थी वारदात ‘मैंने प्रेमी को बुलाया और पति को खाने में नशीली दवा दी। फिर प्रेमी ने दुपट्‌टे से उसका गला घोंट दिया। मुझे अब पति की बहुत याद आ रही है। पछतावा हो रहा है। मैंने गलत किया। कानून से गुजारिश है कि मुझे भी फांसी की सजा दी जाए।’ पढ़ें पूरी खबर….

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User