आईफोन का शौकीन निकला चोरी का आरोपी किशोर:कानपुर के चकेरी में स्क्रैप गोदाम से की थी चोरी, बाल सुधार गृह भेजा
कानपुर के थाना चकेरी में स्क्रैप गोदाम का शटर और ताला तोड़कर नकदी, तांबे का स्क्रैप और लैपटॉप चोरी करने वाले गिरोह पर चकेरी पुलिस शिकंजा कस रही है। मामले में पुलिस ने गुरुवार दोपहर 2:30 बजे 15 वर्षीय किशोर को निरुद्ध कर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया, जहां से उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, किशोर के कब्जे से आईफोन और 3200 रुपये बरामद हुए हैं। इससे पहले पुलिस एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में दबिश दी जा रही है। शटर-ताला तोड़कर उड़ाया था माल कार्यवाहक थाना प्रभारी जावेद अहमद ने बताया कि हरबंशमोहाल के कछियाना मोहाल निवासी विपिन दीक्षित का भवानी नगर, श्याम नगर में 'आराध्या इंटरप्राइजेज' नाम से स्क्रैप गोदाम है। 28 सितंबर को चोरों ने गोदाम का शटर और ताला तोड़कर नकदी, तांबे के स्क्रैप से भरी बोरियां और लैपटॉप चोरी कर लिया था। पीड़ित की तहरीर पर चकेरी थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। इस मामले में एक अक्टूबर को नौबस्ता के राजूनगर नई बस्ती निवासी संजय सरोज को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का माल बरामद करने का दावा किया था। वारदात में इस्तेमाल किए गए ऑटो को भी सीज किया गया था। इसके बाद पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी थी। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार सुबह सूचना मिली कि श्याम नगर में एक संदिग्ध किशोर खड़ा है और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। पुलिस उसे पूछताछ के लिए थाने ले आई। पूछताछ के दौरान उसने कोयलानगर में हुई चोरी की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। उसके कब्जे से आईफोन और 3200 रुपये बरामद किए गए। महंगे मोबाइल का शौकीन बताए जा रहे किशोर को पुलिस ने किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया, जहां से उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया। पुलिस अब चोरी में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को पकड़कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)