आगरा के तीन दोस्तों की सड़क हादसे में मौत:दो घायल, सहारनपुर में हुआ हादसा, मसूरी जा रहे थे घूमने
आगरा से मसूरी घूमने निकले पांच दोस्तों से साथ सड़क हादसा हो गया। थार के डिवाइडर से टकराने से तीन दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर घायल हैं। हादसा रविवार तड़के करीब 4 बजे सहारनपुर के थाना नांगल क्षेत्र में बेलड़ा गोल चक्कर के पास हुआ। मृतकों की पहचान साहिल तिवारी (25), राहुल सिंह (25) और सक्षम गौतम (22) के रूप में हुई है। घायल सचिन और हेमंत वर्मा चचेरे भाई हैं। दोनों को सहारनपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टक्कर इतनी भीषण थी कि थार का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया। पांचों दोस्त कमला नगर निवासी हैं। शनिवार रात 9 बजे सभी थार से मसूरी के लिए निकले थे। राहुल टेढ़ी बगिया का रहने वाला था। वह डॉक्टर के क्लीनिक पर काम करता था और 10 दिन पहले ही नौकरी छोड़ी थी। सक्षम सन फार्मा में काम करता था। एक महीने बाद उसकी शादी होने वाली थी। साहिल के मौसा ब्रह्मानंद तिवारी ने बताया कि साहिल का परिवार दिल्ली में रहता है। पिता संजय भारद्वाज बीएसएफ में बड़े अधिकारी हैं, जिनकी पोस्टिंग बेंगलुरु में है। साहिल इकलौता था। वह भी दिल्ली में ही रहता था, लेकिन घूमने के लिए दो दिन पहले आगरा आया था। हादसे की खबर मिलते ही तीनों के घरों में मातम छा गया। सक्षम के घर के बाहर लोगों की भीड़ लगी है। गली में सन्नाटा पसरा है। सक्षम और राहुल के घर में भी महिलाओं को अभी मौत की खबर नहीं दी गई है। साहिल, राहुल और सक्षम के परिवार में गम का माहौल है। साहिल के घर पर सन्नाटा है। परिजन पोस्टमार्टम के लिए सहारनपुर पहुंच गए हैं। सक्षम के बाबा गांव से सूचना मिलते ही कमला नगर पहुंचे और फूट-फूट कर रोने लगे। छोटे भाई ने उन्हें संभाला। हादसे के बाद पूरे कमला नगर में गमगीन माहौल है। सुबह से किसी के घर चूल्हा तक नहीं जला हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)