आगरा में गांधी जयंती पर तीन जगह हुए कार्यक्रम:पुलिसकर्मियों को दिलाई गई शपथ, NCC कैडेट्स ने चलाया स्वच्छता अभियान
आगरा में गांधी जयंती पर गुरुवार को शहर में तीन अलग-अलग जगहों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। आगरा कॉलेज में NCC गर्ल्स विंग ने स्वच्छता अभियान चलाया तो कांग्रेस कार्यालय और पुलिस कमिश्नरेट में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि दी गई। पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार और अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल समेत सभी डीसीपी, एडीसीपी और एसीपी ने माल्यार्पण कर नमन किया और पुलिसकर्मियों को शपथ दिलाई। कमिश्नर ने कहा कि गांधी जी के सत्य, अहिंसा और शास्त्री जी की सादगी और अनुशासन को जीवन में अपनाएं और कर्तव्य का निर्वहन निष्ठा से करें। सभी थानों पर भी इसी तरह कार्यक्रम हुए और मिष्ठान वितरण किया गया। आगरा कॉलेज में 'युवा फॉर स्वच्छता' अभियान के तहत NCC गर्ल्स विंग, वन यूपी गर्ल्स बटालियन की कैडेट्स ने जागरूकता अभियान चलाया। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य प्रो. सीके गौतम ने ध्वजारोहण कर की और गांधी जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद कैडेट्स ने नुक्कड़ नाटक के जरिए नागरिकों को घरों के बाहर और सड़कों पर कूड़ा न डालने का संदेश दिया। कैडेट्स ने लाल, हरे, काले और नीले डस्टबिन में अलग-अलग प्रकार के कचरे को डालने के बारे में समझाया, ताकि कचरा निस्तारण आसान हो सके। वहीं राजा मंडी स्थित कांग्रेस कार्यालय पर गांधी और शास्त्री जयंती श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके सत्य, अहिंसा, सादगी और ईमानदारी के आदर्शों को याद किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। उधर, पुलिस कमिश्नरेट में पुलिस लाइंस स्थित क्वार्टर गार्ड पर कार्यक्रम हुआ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)