आगरा में पहली बार मॉल रोड पर दौड़ी मेट्रो-ट्रायल सफल:दूसरे कॉरीडोर पर 3 किमी लंबी डाउन लाइन पर हुआ ट्रायल रन

Oct 14, 2026 - 10:58
0
आगरा में पहली बार मॉल रोड पर दौड़ी मेट्रो-ट्रायल सफल:दूसरे कॉरीडोर पर 3 किमी लंबी डाउन लाइन पर हुआ ट्रायल रन
आगरा मेट्रो ने दूसरे कॉरिडोर पर एक और उपलब्धि हासिल की है। यूपी मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) ने फूल सैय्यद चौराहा स्थित मेट्रो डिपो से सदर बाजार मेट्रो स्टेशन तक ट्रेन का सफल ट्रायल रन किया। इस दौरान मेट्रो ट्रेन पहली बार मॉल रोड से होकर गुजरी। करीब 3 किलोमीटर लंबी डाउन लाइन पर हुए इस ट्रायल को देखने के लिए लोगों में उत्सुकता रही। यह ट्रायल आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक प्रस्तावित द्वितीय कॉरिडोर का हिस्सा है। ट्रायल रन के दौरान आगरा मेट्रो के परियोजना निदेशक अरविंद राय समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। ट्रेन को डिपो से सदर बाजार स्टेशन तक ले जाने के बाद वापस डिपो लाया गया। दूसरे कॉरीडोर पर मेट्रो ट्रायल की 3 तस्वीरें… अप लाइन पर ट्रैक बिछाने का काम अंतिम चरण में डाउन लाइन पर ट्रायल रन पूरा होने के बाद अब अप लाइन पर ट्रैक बिछाने का काम अंतिम चरण में है। यूपीएमआरसी के मुताबिक, बीते सप्ताह मेट्रो संचालन के लिए जरूरी थर्ड रेल का काम भी पूरा कर लिया गया था। इससे ट्रायल रन का रास्ता साफ हुआ। अब शेष लाइन और अप लाइन पर ट्रैक, ट्रैक्शन और सिग्नलिंग से जुड़े काम पूरे किए जाएंगे। इसके बाद संबंधित हिस्सों में भी ट्रायल रन किया जाएगा। इन परीक्षणों का उद्देश्य मेट्रो प्रणाली और नए ट्रैक की सुरक्षा व तकनीकी व्यवस्थाओं को परखना है। आगरा को विश्वस्तरीय मेट्रो देने का संकल्प यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने इस उपलब्धि पर आगरा मेट्रो की टीम और ठेकेदारों के कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यूपीएमआरसी आगरा के लोगों को विश्वस्तरीय मेट्रो प्रणाली उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। आने वाले समय में आगरा मेट्रो शहर के लिए तेज, सुरक्षित और सुगम यातायात का साधन साबित होगी। आगरा कैंट से आगरा कॉलेज तक प्रायोरिटी स्ट्रेच दूसरे कॉरिडोर में आगरा कैंट से आगरा कॉलेज तक के हिस्से को प्रायोरिटी स्ट्रेच के रूप में चिह्नित किया गया है। इस कॉरिडोर के स्टेशनों का निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है। वहीं, एमजी रोड से कालिंदी विहार तक के शेष हिस्से में सिविल निर्माण कार्य जारी है। यूपीएमआरसी का लक्ष्य परियोजना को निर्धारित समय पर पूरा करना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User