आगरा में राम विवाह समय से कराने पर मंथन:6 अक्टूबर को बारात निकलेगी, कमेटी ने पुलिस और नगर आयुक्त के साथ बैठक की
आगरा में 6 अक्टूबर को निकलने वाली राम बारात को तय समय में पूरा कराने की तैयारी शुरू हो गई है। रामलीला और जनकपुरी महोत्सव समितियों के पदाधिकारियों ने शनिवार को पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें सुरक्षा, ट्रैफिक, सफाई, जलभराव और अग्निशमन व्यवस्था पर चर्चा हुई। घाटिया से मनकामेश्वर तक लग जाता है ज्यादा समय श्री रामलीला कमेटी के महामंत्री राजीव अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष 6 अक्टूबर को राम बारात निकाली जाएगी। उन्होंने बताया कि राम बारात हर बार तय समय पर शुरू हो जाती है, लेकिन घाटिया पहुंचने के बाद वापस श्री मनकामेश्वर मंदिर तक आने में काफी समय लग जाता है। इस बार बारात को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए प्रशासन से मार्ग व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा के लिए जरूरी सहयोग मांगा गया है। नाले-नालियों की सफाई और जलभराव पर भी चर्चा बैठक में राम बारात के मार्ग पर नाले-नालियों की सफाई और जलभराव की समस्या को लेकर भी चर्चा हुई। समिति पदाधिकारियों ने नगर आयुक्त संतोष कुमार से मार्ग की सफाई व्यवस्था बेहतर कराने का आग्रह किया है। उद्देश्य है कि बारात के दौरान श्रद्धालुओं को साफ और सुगम रास्ता मिल सके। सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर अधिकारियों ने ली जानकारी बैठक में डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास, अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल, डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल समेत विभिन्न थानों के एसीपी, अग्निशमन विभाग के अधिकारी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने राम बारात और जनकपुरी महोत्सव के दौरान सुरक्षा, यातायात संचालन, अग्निशमन व्यवस्था और संवेदनशील स्थानों पर किए जाने वाले इंतजामों को लेकर समिति पदाधिकारियों से जानकारी ली। दोनों समितियों के पदाधिकारी रहे मौजूद श्री रामलीला कमेटी की ओर से उपाध्यक्ष मुकेश जौहरी, टीएन अग्रवाल और कोऑर्डिनेटर अंजुल बंसल मौजूद रहे। वहीं श्री जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति की ओर से स्वागताध्यक्ष अरविंद शर्मा, मुख्य संयोजक मनोज बंसल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय गोयल, महामंत्री मनोज जादौन और पार्षद वेद प्रकाश बैठक में शामिल हुए। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि राम बारात और जनकपुरी महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। ऐसे में आयोजन को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से पूरा कराने के लिए प्रशासन और आयोजन समितियों के बीच समन्वय जरूरी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)