आगरा में साधु की सिर कूच कर हत्या:कमरे में मिला खून से लथपथ शव, बाहर से लगी थी कुंडी
आगरा में 45 साल के साधु की सिर कूचकर हत्या कर दी गई। कमरे में खून से लथपथ उनका शव पड़ा मिला। डेडबॉडी के पास ही खून से सनी हुई ईंट मिली है। शरीर पर चोट के निशान थे। कमरे के दरवाजे की कुंडी बाहर से बंद थी। भतीजे ने बताया कि शुक्रवार सुबह जब चाचा बाहर नहीं आए तो मैं उन्हें बुलाने गया। देखा बाहर से कुंडी लगी हुई है। मैंने दरवाजा खोला तो देखा अंदर खून से लथपथ उनका शव पड़ा हुआ था। घरवालों की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। घटना अछनेरा थाना क्षेत्र के गांव सहाई की है। भतीजे ने फोन किया तो कमरे से रिंग की आवाज आई गांव निवासी सौरभ सोलंकी ने बताया कि मेरे चाचा धर्मवीर ने संन्यास ले लिया था। वह साधु बन गए थे। चाचा गांव के बाहर एक प्लाट पर बने कमरे में रहते थे। सौरभ के अनुसार, उनके चाचा रोज सुबह अपनी गाय को चारा डालने के लिए गांव आते थे। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे तक जब वह नहीं आए तो मैं उन्हें देखने प्लाट पर पहुंचा। कमरे के बाहर से कुंडी लगी हुई थी। मैंने चाचा को फोन किया तो मोबाइल की घंटी कमरे के अंदर से सुनाई दी। इसके बाद मैंने कमरा खोला तो अंदर चाचा का शव पड़ा था। उनके सिर और शरीर पर चोट के निशान थे। कमरे के पास खून से सनी ईंट भी पड़ी थी। उनके सिर पर हमला किया गया था। घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया। परिजनों के मुताबिक, धर्मवीर अविवाहित थे। वह मंदिर की सेवा करने के साथ भजन-कीर्तन करते थे। वह रोजाना गांव की परिक्रमा भी करते थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)