आगरा में सामूहिक कृषि सेवा कार्यक्रम:खेतों में काटा धान, बच्चों ने दी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति
आगरा के दयालबाग में मंगलवार को सामूहिक कृषि सेवा और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान सभी आयु वर्ग के सत्संगियों ने पूरे उत्साह के साथ खेतों में श्रमदान किया और धान की फसल काटी। सामूहिक कृषि सेवा के तहत सुबह और दोपहर, दो शिफ्टों में खेतों में धान की कटाई और झड़ाई का कार्य संपन्न किया गया। सुबह की शिफ्ट में जहां मुख्य रूप से धान की कटाई की गई, वहीं दोपहर की शिफ्ट में कटाई के साथ-साथ झड़ाई का काम भी किया गया। इस सेवा कार्य में सत्संगी भाई-बहनों और बुजुर्गों के साथ-साथ 'संत सुपरह्यूमन स्कीम' के बच्चों ने भी मिलकर अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया और विभिन्न पीढ़ियों की एक साथ सहभागिता देखने को मिली। श्रमदान के पश्चात 'संत सुपरह्यूमन स्कीम' के बच्चों द्वारा एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम की भी शानदार प्रस्तुति दी गई, जिसका वहां मौजूद बड़ी संख्या में सत्संगियों ने आनंद लिया। इस आयोजन में दयालबाग की महिलाओं (बहनों) की भी खासी सक्रिय भागीदारी रही। गौरतलब है कि दयालबाग में महिलाएं कृषि कार्यों के अलावा शिक्षा, कौशल विकास और सामुदायिक सेवा में भी हमेशा आगे रहती हैं। यहां संचालित 14 हस्तशिल्प इकाइयां, सिलाई विद्यालय और महिला एसोसिएशन महिलाओं के कौशल विकास को बढ़ावा देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)