आगरा में SGST छापों का विरोध:व्यापारियों ने कहा- त्योहार पर सर्वे रोका जाए, SIB के सर्वे पर उठाए सवाल
आगरा शहर में मंगलवार को SGST विभाग की टीम ने प्रतिष्ठित ब्रजभोग मिष्ठान भंडार पर छापा मारकर चार करोड़ की कर चोरी पकड़ी थी। इसके बाद व्यापारियों में नाराजगी है। व्यापारियों ने जीएसटी विभाग की विशेष जांच शाखा SIB के सर्वे और छापों का कड़ा विरोध किया है। बृहस्पतिवार को जयपुर हाउस में आयोजित व्यापारी संवाद कार्यक्रम में व्यापारियों ने अधिकारियों से दो टूक कहा कि त्योहारी सीजन में सर्वे के नाम पर परेशान न किया जाए। कार्यक्रम की अध्यक्षता ज्वाइंट कमिश्नर एके सिंह ने की। उन्होंने कहा कि दीपावली पर बिक्री बढ़ती है, इसलिए व्यापारियों को अपनी बिक्री के अनुसार रिटर्न दाखिल करना चाहिए। इससे विभाग को राजस्व मिलेगा और व्यापारियों को भी दिक्कत नहीं होगी। व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने मांग रखी कि SIB सर्वे को त्योहारी सीजन तक स्थगित किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्रवाई न होने पर व्यापारी सुगमता से व्यापार कर सकेंगे और विभाग का राजस्व लक्ष्य पूरा करने में सहयोग करेंगे। आगरा स्वीट्स एंड नमकीन मैन्युफैक्चर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकुमार भगत ने कहा कि छापों से व्यापार पर बुरा असर पड़ता है। शत-प्रतिशत बिलिंग से काम करने वालों को परेशान न किया जाए तो व्यापारी 20 फीसदी अधिक टैक्स देने को तैयार हैं। नो-एंट्री और ई-वे बिल से परेशानी
किराना व्यापारी रमेश कल्याणी ने बताया कि रावतपाड़ा में ट्रकों की नो-एंट्री है। माल रामबाग से टेंपो में आता है, लेकिन मूल ई-वे बिल ट्रक में होने से सचल दल टेंपो को रोककर परेशान करता है। बिल होने के बावजूद SIB सर्वे से दिक्कत आ रही है। व्यापार मंडल के जय पुरसनानी ने कहा कि विभाग शुरुआती छमाही की बिक्री से पूरे साल का आकलन न करे। 65 प्रतिशत व्यापार अक्टूबर से मार्च के बीच होता है। कपड़ा और रेडीमेड कारोबारियों संजय व संजीव अग्रवाल ने कहा कि उत्पाद महंगे होने से बिक्री घटी है, जिसका असर रिटर्न पर पड़ रहा है। कार्यक्रम का संचालन उपायुक्त जितेंद्र कुमार सिंह और अखंड प्रताप सिंह ने किया। अंत में नितेश अग्रवाल ने आभार जताया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)