आगरा में युवती से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म:अश्लील फोटो दिखाकर धमकाया, बहनों पर फब्तियां कसवाईं, आरोपी गिरफ्तार
आगरा के थाना लोहामंडी क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर अश्लील तस्वीरें दिखाकर धमकाने और युवती व उसकी बहनों पर फब्तियां कसवाने का भी आरोप है। पकड़े गए आरोपी की पहचान जाकिर उर्फ बाबू के रूप में हुई है। पीड़िता ने मिशन शक्ति अभियान से प्रेरित होकर पुलिस से शिकायत की थी, जिसके बाद मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार मामला लोहामंडी थाना क्षेत्र का है। युवती ने तहरीर में बताया कि आरोपी ने करीब दो साल पहले उससे नजदीकियां बढ़ाईं और शादी का झांसा दिया। झांसे में आकर उसने शारीरिक संबंध बना लिए। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने उसकी अश्लील तस्वीरें ले लीं। बाद में उन्हीं तस्वीरों को दिखाकर वह उसे धमकाने लगा ।पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसकी अश्लील तस्वीरें इलाके के कुछ युवकों को भी दिखाईं। इसके बाद इलाके के युवक उसे और उसकी बहनों पर फब्तियां कसने लगे। विरोध करने पर आरोपी ने तस्वीरें वायरल करने की धमकी दी। इससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गई। लोकलाज के डर से वह दो साल तक चुप रही। हाल ही में उसे मिशन शक्ति अभियान के बारे में जानकारी मिली। महिला पुलिसकर्मियों ने उसे जागरूक किया और हिम्मत दी। इसके बाद उसने हिम्मत जुटाकर थाने पहुंचकर पूरी बात बताई। उसकी शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि शिकायत मिलते ही टीम गठित की गई। देर रात दबिश देकर आरोपी जाकिर उर्फ बाबू को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी है, ताकि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा सके। पुलिस का कहना है कि पीड़िता के आरोपों की गहराई से जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)