आगरा में तीन दिन रहेगा रूट डायवर्जन:यमुना किनारा मार्ग पर वाहनों की नो एंट्री, 19 से 21 अक्टूबर तक लागू रहेगी व्यवस्था

Oct 18, 2026 - 00:52
0
आगरा में तीन दिन रहेगा रूट डायवर्जन:यमुना किनारा मार्ग पर वाहनों की नो एंट्री, 19 से 21 अक्टूबर तक लागू रहेगी व्यवस्था
आगरा में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन और दशहरा पर्व को लेकर यातायात पुलिस ने शहर में डायवर्जन प्लान लागू किया है। 19 से 21 अक्टूबर तक सुबह 6 बजे से विसर्जन समाप्त होने तक यमुना किनारा मार्ग पर यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। इस दौरान कैलाश घाट, बल्केश्वर घाट, दशहरा घाट और हाथीघाट पर प्रतिमाओं का विसर्जन होगा। यातायात पुलिस के मुताबिक विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और वाहनों का दबाव बढ़ेगा। इसे देखते हुए कई प्रमुख चौराहों से वाहनों का आवागमन रोककर वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। वाहन चालकों से निर्धारित मार्गों का पालन करने की अपील की गई है। किसी असुविधा पर यातायात कंट्रोल हेल्पलाइन नंबर 9454457886 पर संपर्क कर सकते हैं। इन मार्गों पर रहेगा डायवर्जन वाटरवर्क्स से सुल्तानगंज पुलिया होते हुए श्मशान घाट चौराहे तक यमुना किनारा मार्ग पर दबाव बढ़ने पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। वाहन चालक एनएच-19 या एमजी रोड का इस्तेमाल कर सकेंगे। श्मशान घाट से जीवनी मंडी चौराहे की ओर जाने वाले वाहनों को रोका जाएगा। वाटरवर्क्स और सुल्तानगंज पुलिया की ओर जाने वाले वाहनों को अमर सिंह गेट, बिजलीघर चौराहा, मदीना तिराहा, दरेसी, बेलनगंज या करियप्पा रोड से होते हुए एमजी रोड पर निकाला जाएगा। यमुना एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहन जो फतेहाबाद रोड, ताजमहल और ग्वालियर की ओर जा रहे हैं, उन्हें इनर रिंग रोड से फतेहाबाद रोड होते हुए एमजी रोड की तरफ भेजा जाएगा। डॉ. बीआर आंबेडकर यमुना पुल और एत्माद्दौला की तरफ से आने वाले व्यावसायिक वाहन यमुना किनारा गोलचक्कर की ओर नहीं आ सकेंगे। जरूरत पड़ने पर श्मशान घाट से आने वाले वाहनों को गोलचक्कर से डॉ. बीआर आंबेडकर पुल होकर एत्माद्दौला की ओर डायवर्ट किया जाएगा। स्ट्रेची पुल से बेलनगंज की ओर एत्माद्दौला तरफ से कोई वाहन नहीं आएगा। हालांकि बेलनगंज से हल्के वाहन स्ट्रेची पुल होकर एत्माद्दौला जा सकेंगे। बेलनगंज तिराहे से हाथीघाट की ओर सहायक पुलिस आयुक्त छत्ता कार्यालय के पास तिराहे से सभी व्यावसायिक वाहनों पर रोक रहेगी। एसीपी छत्ता कट से डायवर्जन के तहत यमुना किनारा मार्ग पर दबाव बढ़ने पर वाहनों को बेलनगंज अथवा कचहरी घाट-दरेसी की ओर भेजा जाएगा। ताजमहल पश्चिमी गेट पार्किंग से निकलने वाले वाहनों को श्मशान घाट तिराहे से यमुना किनारा मार्ग पर नहीं जाने दिया जाएगा। ऐसे वाहनों को विक्टोरिया पार्क तिराहे से पुरानी मंडी या करियप्पा चौराहे होते हुए एमजी रोड अथवा फतेहाबाद रोड से जाना होगा। हाथीघाट पर विसर्जन के दौरान सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। हाथीघाट रेलवे पुल पर फोर्ट की तरफ बैरियर लगाकर केवल प्रतिमाएं लेकर आने वाले वाहनों को ही प्रवेश दिया जाएगा। अन्य वाहनों को श्मशान घाट चौराहे की ओर मोड़ा जाएगा। यमुना किनारा मार्ग से डायवर्ट वाहन एमजी प्रथम रोड से आवागमन कर सकेंगे। बिजलीघर चौराहे से हाथीघाट की ओर रोडवेज बस, टूरिस्ट बस और अन्य वाहनों को आगरा फोर्ट से हाथीघाट की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। इन्हें अमर सिंह गेट, करियप्पा चौराहा और एमजी रोड अथवा फतेहाबाद रोड से निकाला जाएगा। सिटी बसों पर भी रोक विसर्जन के दौरान यमुना किनारा मार्ग पर सिटी बसों का संचालन बंद रहेगा। सिटी बसें अमर सिंह गेट और करियप्पा चौराहे से होकर गुजरेंगी। विसर्जन समाप्त होने तक यमुना किनारा मार्ग पर पहले से जारी सभी नो एंट्री पास निरस्त रहेंगे। थाना छत्ता, सिकंदरा, कमलानगर और ताजगंज पुलिस अपने-अपने क्षेत्रों के घाटों पर पर्याप्त बल तैनात कर विसर्जन को सुरक्षित संपन्न कराएगी। पुलिस ने एंबुलेंस को रास्ता देने की भी अपील की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User