आगरा रोड पर GST टीम का विरोध, हंगामा:अलीगढ़ में रोका ई-रिक्शा में जा रहा माल, व्यापारियों ने घेरा तो ई-रिक्शा छोड़कर लौटी टीम, एक घंटे तक हंगामा
सासनी गेट क्षेत्र में रविवार दोपहर आगरा रोड पर GST टीम और व्यापारियों के बीच माल रोकने को लेकर विवाद हो गया। चरणजी लाल इंटर कॉलेज के सामने टीम ने करीब डेढ़ से दो लाख रुपये कीमत के हार्डवेयर-आर्टवेयर उत्पादों से लदा ई-रिक्शा रुकवा लिया। माल लेकर जा रहे सौदान सिंह ने अधिकारियों को बताया कि बिल उनका भाई रंजीत सिंह लेकर पीछे से आ रहा है, लेकिन आरोप है कि अधिकारी माल को तारानगर स्थित GST मुख्यालय ले जाने पर अड़ गए। सूचना पर व्यापारी नेता और विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने GST टीम का घेराव कर विरोध जताया। करीब एक घंटे तक चली नोकझोंक और हंगामे के बाद टीम ई-रिक्शा समेत माल को मौके पर छोड़कर लौट गई।
भट्टी पर माल तैयार कर व्यापारी को देने जा रहे थे
सासनी गेट क्षेत्र की गंगाधाम कॉलोनी निवासी सौदान सिंह और उनके भाई रंजीत सिंह हार्डवेयर-आर्टवेयर उत्पाद बनाने का काम करते हैं। दोनों की अपनी ढलाई भट्टी है, जहां वे मजदूरी पर जस्ता, पीतल और तांबे आदि के उत्पाद तैयार करते हैं। रविवार दोपहर करीब तीन बजे दोनों ई-रिक्शा में तैयार माल लेकर एक व्यापारी को देने जा रहे थे। सौदान सिंह ई-रिक्शा के साथ आगे चल रहे थे, जबकि उनका भाई रंजीत बिल लेकर पीछे आ रहा था।
इसी दौरान आगरा रोड पर चरणजी लाल इंटर कॉलेज के सामने GST टीम ने ई-रिक्शा रुकवा लिया। आरोप है कि टीम का एक अधिकारी ई-रिक्शा में बैठ गया, जबकि दूसरे ने सौदान सिंह से माल के बिल मांगे। सौदान ने बताया कि बिल उनका भाई लेकर आ रहा है और कुछ ही देर में पहुंच जाएगा। इसके बावजूद अधिकारी माल को GST मुख्यालय ले जाने की बात पर अड़े रहे। उन्होंने कथित तौर पर बिना बिल माल बेचने का आरोप लगाते हुए जुर्माने की कार्रवाई की बात कही।
सूचना पर पहुंचे व्यापारी, अधिकारियों को घेरा
मामला बढ़ने पर सौदान सिंह ने इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष व्यापारी नेता यतेंद्र वाईके और सासनी गेट व्यापार संघ के पदाधिकारियों मुकेश लिम्का, कौशल गौड़ समेत अन्य व्यापारियों को सूचना दी। कुछ ही देर में कई व्यापारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने GST अधिकारियों को घेरकर कार्रवाई का विरोध किया और जमकर नोकझोंक हुई।
व्यापारियों ने कहा कि सौदान और रंजीत मजदूरी के आधार पर उत्पाद तैयार करने वाले छोटे कारोबारी हैं। उनका माल जब्त होने से कारोबार प्रभावित होगा और दीपावली से पहले आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। व्यापारियों ने अधिकारियों से बिल आने तक इंतजार करने और माल को मुख्यालय ले जाने की कार्रवाई न करने की मांग की।
50 हजार रुपये जुर्माने की बात पर भी विरोध
व्यापारी नेता यतेंद्र वाईके के आरोप के मुताबिक, GST अधिकारियों ने मौके पर 50 हजार रुपये जुर्माना भरने की बात कही। व्यापारियों ने इसका भी विरोध किया। अधिकारियों की ओर से कार्रवाई की मजबूरी बताए जाने के बावजूद व्यापारी पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। करीब एक घंटे तक मौके पर हंगामे और बहस की स्थिति बनी रही।
आखिरकार GST टीम ई-रिक्शा और उसमें लदे माल को मौके पर छोड़कर लौट गई। इसके बाद विवाद शांत हुआ। इस दौरान चरणजी लाल इंटर कॉलेज के सामने आगरा रोड पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही और आवागमन भी प्रभावित होने की स्थिति बनी। वाईके के अनुसार इस तरह की हरकतें सरकार को बदनाम करने की साजिश हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)