धर्मांतरण की कोशिश, मुख्य आरोपी हिरासत में:रुपए का लालच देकर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाया
सुल्तानपुर में अखंड नगर थाना क्षेत्र के नरवादी गांव में धर्मांतरण के प्रयास का मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्रामीणों को रुपए देने और झाड़-फूंक से बीमारी ठीक करने का झांसा देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। रविवार शाम करीब 5:30 बजे घटना से जुड़ा वीडियो सामने आया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी हरिश्चंद्र को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। 100 से 150 ग्रामीणों को जुटाने का आरोप विश्व हिंदू परिषद (काशी प्रांत) के प्रखंड अध्यक्ष प्रमोद सिंह की ओर से थाना प्रभारी को दिए गए शिकायती पत्र के मुताबिक, अखंड नगर क्षेत्र के नरवादी गांव की उड़वा की बाग में करीब 100 से 150 ग्रामीणों को एक जगह जुटाया गया था। आरोप है कि वहां लोगों को रुपए का लालच दिया गया। बीमारी ठीक करने के नाम पर झाड़-फूंक की गई और भ्रामक बातें बताकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाया गया। दो नामजद, कुछ अज्ञात लोगों का भी जिक्र शिकायत में नरवादी निवासी हरिश्चंद्र पुत्र रामलोट और हाजीपुर अलीमुद्दीनपुर निवासी निर्मल पुत्र रामफेर के नाम शामिल हैं। इसके अलावा कुछ अन्य अज्ञात लोगों के शामिल होने का भी आरोप लगाया गया है। विहिप ने उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शुरू की जांच शिकायत मिलने के बाद अखंड नगर पुलिस मौके पर पहुंची और मुख्य आरोपी हरिश्चंद्र को पूछताछ के लिए थाने ले गई। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में लिखित प्रार्थना पत्र मिला है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के आधार पर संबंधित धाराओं में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)