आज चटोरी गली में बंद रहेंगी सभी दुकानें:एंट्री पॉइंट का बैरियर नहीं हटाने से नाराज हुए व्यापारी; बोले- दुकानदारी बर्बाद हो रही
गोरखपुर के गोलघर स्थित प्रसिद्ध चटोरी गली के व्यापारियों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सड़क के दोनों ओर लगाए गए बैरियर और बोलार्ड नहीं हटाए जाने से नाराज व्यापारियों ने बुधवार को सभी दुकानें बंद रखने का ऐलान किया है। व्यापारियों का कहना है कि पिछले करीब डेढ़ साल से रास्ता बंद होने के कारण उनका कारोबार 50 से 60% तक घट गया है। सुंदरीकरण और फसाड निर्माण के नाम पर रास्ता बंद किए जाने से ग्राहकों का आना-जाना प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों का आरोप है कि वे कई बार नगर आयुक्त, जिलाधिकारी, महापौर और अन्य अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। जिलाधिकारी के रास्ता खोलने के निर्देश के बावजूद बैरियर नहीं हटाए गए। अब व्यापारियों ने साफ कर दिया है कि जब तक दोनों तरफ से अवरोधक हटाकर आवागमन पहले की तरह बहाल नहीं किया जाता, उनका विरोध जारी रहेगा। नगर आयुक्त से मिले व्यापारी, नहीं निकला समाधान समस्त व्यापार मंडल के अध्यक्ष नितिन कुमार जायसवाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने मंगलवार को नगर आयुक्त अजय जैन से मुलाकात की। व्यापारियों ने चटोरी गली के दोनों तरफ लगाए गए बैरियर हटाने और रास्ता खोलने की मांग रखी। नितिन कुमार जायसवाल ने बताया कि नगर आयुक्त से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि एसपी ट्रैफिक और प्रशासन से बात करने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। व्यापारियों का कहना है कि वे इस समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों के पास जा चुके हैं। ज्ञापन देने और मुलाकात करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे व्यापारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उनका कहना है कि जब तक समस्या का समाधान नहीं होगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। डेढ़ साल से बंद रास्ते ने बिगाड़ा कारोबार चटोरी गली गोलघर का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है। यहां खाने-पीने की दुकानों के साथ कई अन्य प्रतिष्ठान भी हैं। व्यापारियों के मुताबिक, नगर निगम ने सुंदरीकरण और फसाड निर्माण के नाम पर गली के दोनों तरफ बैरियर और बोलार्ड लगाकर आवागमन बंद कर दिया। इससे ग्राहकों को दुकानों तक पहुंचने में परेशानी होने लगी। व्यापारियों का दावा है कि रास्ता बंद होने के कारण उनका कारोबार 50 से 60% तक कम हो गया है। ग्राहकों की आवाजाही घटने से दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उनका कहना है कि सुंदरीकरण का काम शहर की बेहतरी के लिए होना चाहिए, लेकिन इसके कारण व्यापारियों का कारोबार प्रभावित नहीं होना चाहिए। रास्ता बंद रखने के बजाय ऐसी व्यवस्था बनाई जाए, जिससे सुंदरीकरण भी हो और व्यापार भी चलता रहे। अधिकारियों को कई बार दिया ज्ञापन, अब दुकानें बंद कर जताएंगे विरोध व्यापारियों ने बताया कि इस समस्या को लेकर नगर आयुक्त, जिलाधिकारी, महापौर, पार्षद और अन्य संबंधित अधिकारियों को कई बार ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं। इसके बावजूद बैरियर नहीं हटाए गए। व्यापारियों का दावा है कि जिलाधिकारी ने भी रास्ता खोलने के निर्देश दिए थे, लेकिन नगर निगम स्तर पर अब तक अवरोधक नहीं हटाए गए हैं। लगातार अनदेखी से नाराज व्यापारियों ने बुधवार को सभी दुकानें बंद रखकर विरोध दर्ज कराने का निर्णय लिया है। उनका कहना है कि यह कदम मजबूरी में उठाना पड़ रहा है। यदि दोनों तरफ के बैरियर हटाकर पहले की तरह आवागमन शुरू नहीं किया गया, तो आगे भी विरोध जारी रहेगा। ये व्यापारी रहे शामिल व्यापार मंडल अध्यक्ष नितिन कुमार जायसवाल के नेतृत्व में हुए विरोध में अनिल अग्रवाल, अमन यादव, दिग्विजय सिंह, नवीन सिंह, सुशील अग्रवाल, जिशान अहसन, पुनीत जिंदल, प्रदीप टेकरीवाल, राजकुमार गुप्ता, जमाल अहमद, दीपक जालान, इसरार अहमद, अनिल सिंह, अनूप सिंह, जफर, धनंजय पांडेय और रवि समेत चटोरी गली के अन्य व्यापारी शामिल रहे। व्यापारियों ने एकजुट होकर रास्ता खुलवाने की मांग की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)