आजम खां पर सेशन कोर्ट में हुई सुनवाई:रामपुर में अभियोजन की जिरह के लिए कोर्ट ने 1 अक्टूबर की तारीख की तय
रामपुर में सपा नेता आजम खां के खिलाफ डूंगरपुर प्रकरण में शुक्रवार को एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट (सेशन ट्रायल) में सुनवाई हुई। बचाव पक्ष के गवाह अनवर खां की गवाही पूरी होने के बाद सरकारी वकील की जिरह के लिए अदालत ने 1 अक्टूबर 2026 की तारीख तय की है। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे सरकारी वकील एडीजीसी सीमा राणा ने बचाव पक्ष के गवाह से जिरह के लिए तारीख मांगी थी। अदालत ने सुनवाई के बाद 1 अक्टूबर की तारीख तय कर दी। सुनवाई के दौरान आजम खां रामपुर जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए अदालत में पेश हुए। बचाव पक्ष के वकील नासिर सुल्तान ने अनवर खां को गवाही के लिए पेश किया था। गवाह की मुख्य परीक्षा पूरी हो चुकी है। अब सरकारी वकील गवाह से जिरह करेंगे, जिसके बाद मामले की सुनवाई आगे बढ़ेगी। 11 लोगों के मामले दर्ज कराए गए डूंगरपुर प्रकरण साल 2016 का है। उस समय प्रदेश में सपा की सरकार थी और आजम खां यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री थे। पुलिस लाइन के पास डूंगरपुर में गरीबों के लिए आसरा आवास बनाए गए थे। वहां कुछ लोगों के मकान बने थे, जिन्हें सरकारी जमीन पर बना बताते हुए गिरा दिया गया था। प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद साल 2019 में गंज कोतवाली में 11 लोगों के मामले दर्ज कराए गए। शिकायतों में आरोप है कि सपा सरकार के दौरान आजम खां के कहने पर पुलिस और सपाइयों ने आसरा आवास बनाने के लिए उनके मकान जबरदस्ती खाली कराए, सामान लूट लिया और मकानों को गिरा दिया। शुरुआत में इन मामलों में आजम खां का नाम नहीं था। बाद में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके बयानों के आधार पर पुलिस ने उन्हें आरोपी बनाया। इन मामलों की सुनवाई एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट में चल रही है। कुल 11 में से छह मामलों में फैसला हो चुका है, जबकि पांच मामले अभी पेंडिंग हैं। इन पांचों मामलों की सुनवाई एक साथ की जा रही है। आजम खां के अलावा पूर्व सीओ आले हसन खां, पूर्व सपा जिलाध्यक्ष ओमेंद्र चौहान, पूर्व पालिकाध्यक्ष अजहर अहमद खां और बरकत अली ठेकेदार समेत अन्य लोग भी आरोपी हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)