आजमगढ़ में बोले सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर:29 नवंबर को आयोजित की जाएगी महारैली, SIR को लेकर विपक्ष पर बोला जमकर हमला
आजमगढ़ जिले के दौरे पर पहुंचे प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। जिले के जहानागंज स्थित एक मैरिज हॉल में रविवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की महत्वपूर्ण कार्यकर्ता बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने आगामी 29 नवंबर 2026 को होने वाली सामाजिक समरसता महारैली को लेकर बड़ा दावा किया। सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने दावा किया कि महारैली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई बड़े नेता शामिल होंगे। राजभर ने रैली को ऐतिहासिक बताते हुए दावा किया कि 29 नवंबर को आजमगढ़ में NDA की राजनीतिक ताकत दिखाई देगी। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर उठ रहे सवालों पर उन्होंने विपक्षी दलों के बूथ प्रतिनिधियों की भूमिका पर सवाल उठाए। क्या कर रहे थे राजनीतिक दलों के BLO
प्रदेश सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि अगर सरकारी BLO से कोई गलती हुई है, तो राजनीतिक दलों के बूथ प्रतिनिधि क्या कर रहे थे। उन्होंने मतदाता सूची में नामों की स्थिति की पुष्टि आधिकारिक सूची से करने की बात भी कही। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव द्वारा एक व्यक्ति के 10 नाम दर्ज किए जाने के सवाल पर सरकार के मंत्री का कहना है कि अखिलेश यादव फर्जी लिस्ट लेकर घूम रहे हैं। पंचायत चुनाव और NDA में सीटों के बंटवारे को लेकर उन्होंने कहा कि फिलहाल तैयारियां चल रही हैं और दशहरा मेले के बाद बैठक में आगे की रणनीति तय होगी। चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद ही सीटों के बंटवारे पर फैसला होता है। वहीं, 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर ओमप्रकाश राजभर ने NDA की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने का दावा किया। समाजवादी पार्टी के PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक के नारे पर तंज कसते हुए उन्होंने परिवारवाद, संपन्न वर्ग और अपराधियों को लेकर टिप्पणी की। अब नजर 29 नवंबर को होने वाली सामाजिक समरसता महारैली पर रहेगी, जहां सुभासपा और NDA के नेता अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन करने की तैयारी में हैं। बतातें चले कि विगत वर्ष भी प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र के अहिरौला में ब्राह्मण सम्मेलन आयोजित किया था। जिसमें बड़ी संख्या में ब्राह्मण को आमंत्रित भी किया था। ऐसे में 29 नवंबर को आयोजित होने वाला यह महासम्मेलन 2027 के विधानसभा चुनाव का आगाज करेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)