आजमगढ़ में ब्रेजा कार छीनने का मामला आया सामने:दो आरोपियों को किया गया गिरफ्तार, ऑनलाइन 15 हजार मंगाने का आरोप
आजमगढ़ जिले के सिधारी थाना क्षेत्र में पैसे के लेन-देन के विवाद में ब्रेजा कार छीनने, विरोध करने पर युवक को जबरन अपने साथ ले जाने और ऑनलाइन माध्यम से 15 हजार रुपये मंगाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से छीनी गई ब्रेजा कार भी बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कठौरा गांव निवासी धनंजय यादव पुत्र रामकेश यादव ने 17 अक्टूबर को सिधारी थाने में तहरीर दी थी। आरोप लगाया कि पैसे के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में आरोपियों ने उनकी ब्रेजा कार छीन ली। पैसे मांगने पर विरोध करने के कारण उन्हें जबरन अपने साथ ले गए और ऑनलाइन माध्यम से 15 हजार रुपये मंगवा लिए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 426/26 के तहत बीएनएस की धारा 309(4) और 140(2) में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत सिधारी पुलिस ने रविवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर छीनी गई ब्रेजा कार (नंबर UP 50 BF 1795) बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक यादव (24 वर्ष), पुत्र चंद्रभूषण यादव, निवासी मुजफ्फरपुर, थाना कंधरापुर तथा गौरव यादव (24 वर्ष), पुत्र सर्वेश यादव, निवासी गेलवारा, थाना सिधारी, आजमगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, अभिषेक यादव के खिलाफ कंधरापुर थाने में वर्ष 2024 में मारपीट और धमकी से संबंधित मुकदमा दर्ज है। वहीं, गौरव यादव के खिलाफ कंधरापुर और सिधारी थानों में वर्ष 2021, 2022, 2023 और 2025 में विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इनमें धमकी, मारपीट और हत्या के प्रयास तथा आर्म्स एक्ट से संबंधित मामला भी शामिल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)