आजमगढ़ में गोवध गिरोह के दो इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार:सज्जाद पर 50000 का इनाम, सलमान पर 25 हजार का इनाम, एक पर 36 और दूसरे पर 11 मुकदमे दर्ज

Oct 19, 2026 - 15:35
0
आजमगढ़ में गोवध गिरोह के दो इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार:सज्जाद पर 50000 का इनाम, सलमान पर 25 हजार का इनाम, एक पर 36 और दूसरे पर 11 मुकदमे दर्ज
आजमगढ़ जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गोवध के मामलों में कथित रूप से सक्रिय अंतरजनपदीय गिरोह के दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलमान पुत्र फिरोज और सज्जाद पुत्र अजीज निवासी ग्राम पीठापुर, थाना अहरौला, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। दोनों गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित थे। पुलिस के अनुसार, सलमान पर 25 हजार रुपये और सज्जाद पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इस बात की पुष्टि क्षेत्राधिकारी फूलपुर भूपेश कुमार पाण्डेय ने की। जिलाधिकारी की ओर से अनुमोदित गैंग चार्ट के आधार पर 5 जून 2026 को थाना फूलपुर में दोनों आरोपियों समेत चार लोगों के खिलाफ उत्तर प्रदेश गिरोहबंद और समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना थाना पवई के प्रभारी निरीक्षक कर रहे हैं। मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में फूलपुर पुलिस तथा विशेष अपराध नियंत्रण टीम आरोपियों की तलाश कर रही थी। सूचना के आधार पर टीम ने सतुवहिया पुलिया से कुछ पहले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ में गोवध गिरोह से जुड़े होने की बात कबूली क्षेत्राधिकारी भूपेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने बताया कि उनका एक गिरोह है और वे अपने साथियों के साथ मिलकर गोवध की घटनाओं को अंजाम देते हैं। दोनों के खिलाफ आजमगढ़ के अलावा अंबेडकरनगर, जौनपुर, संतकबीर नगर, मऊ, गोंडा, प्रतापगढ़ और देवरिया समेत विभिन्न जनपदों में मुकदमे दर्ज हैं। सलमान पर 36 और सज्जाद पर 11 मुकदमे आरोपियों के आपराधिक इतिहास के अनुसार, सलमान के खिलाफ कुल 36 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मामले शामिल हैं। वहीं, सज्जाद के खिलाफ कुल 11 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। इनमें गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, हत्या के प्रयास, धमकी और गैंगस्टर एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी लंबे समय से विभिन्न मामलों में वांछित थे। उनकी गिरफ्तारी को अंतरजनपदीय स्तर पर सक्रिय गोवध गिरोह के खिलाफ कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। इस टीम में फूलपुर थाने के प्रभारी देवेंद्र प्रताप सिंह, विशेष अपराध नियंत्रण टीम के प्रभारी उपनिरीक्षक सच्चिदानंद यादव शामिल रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User