आजमगढ़ में माफिया के सहयोगी की संपत्ति होगी कुर्क:कुंटू सिंह के सहयोगी की 28.90 लाख की संपत्ति कुर्क करने का आदेश
आजमगढ़ जिला प्रशासन ने प्रदेश स्तर पर चिन्हित माफिया ध्रुव सिंह उर्फ कुंटू सिंह के सहयोगी सुनील कुमार सिंह की करीब 28.90 लाख रुपये बाजार मूल्य की दो संपत्तियों को कुर्क करने का आदेश जिला मजिस्ट्रेट आजमगढ़ ने दिया है। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 की धारा 14(1) के तहत की गई है। सुनील कुमार सिंह पुत्र तीरथ सिंह, निवासी ताहिरपुर, थाना रौनापार के विरुद्ध थाना कोतवाली आजमगढ़ में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस रिपोर्ट और उपलब्ध आपराधिक अभिलेखों के आधार पर आरोप है कि अभियुक्त ने गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर आर्थिक एवं भौतिक लाभ के लिए आपराधिक गतिविधियों से अर्जित अवैध धनराशि से अपने नाम पर संपत्तियां खरीदीं। इन संपत्तियों के लिए प्रथम दृष्टया कोई वैध आय का स्रोत सामने नहीं आया। माफिया ध्रुव कुमार सिंह पूर्व विधायक सर्वेश सिंह सीपू हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है। जेसीबी और बाइक होगी कुर्क
जिला मजिस्ट्रेट ने 3 अक्टूबर 2026 को कुर्की का आदेश पारित किया। इसके तहत अभियुक्त की जेसीबी वाहन संख्या UP-50-DT-4150, जिसे 3 जून 2022 को खरीदा गया था, का अनुमानित मूल्य 20 लाख रुपये और बाजार मूल्य 28 लाख रुपये आंका गया है।
इसके अलावा हीरो सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या UP-50-BD-0560, जिसकी खरीद 3 जनवरी 2018 को हुई थी, का अनुमानित मूल्य 20 हजार रुपये और बाजार मूल्य 90 हजार रुपये है। दोनों वाहनों का कुल बाजार मूल्य 28 लाख 90 हजार रुपये है। कुर्क की गई संपत्तियों का प्रशासक प्रभारी निरीक्षक थाना सिधारी, आजमगढ़ को नियुक्त किया गया है। जिला मजिस्ट्रेट ने नियमानुसार कुर्की की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। हत्या, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट समेत सात मुकदमे
पुलिस के मुताबिक सुनील कुमार सिंह के खिलाफ आजमगढ़ के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, गुंडा एक्ट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट सहित कुल सात मुकदमे दर्ज हैं। इनमें जीयनपुर, रौनापार और कोतवाली थाने के मामले शामिल हैं। अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई का अभियान लगातार जारी है। कुर्की की यह कार्रवाई गैंगस्टर और अपराधियों की आर्थिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)