आजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़, दो शातिर चोर गिरफ्तार:छह चोरी की घटनाओं का खुलासा; छह लाख के जेवर बरामद, दर्ज हैं 19 से अधिक मुकदमे

Oct 19, 2026 - 08:08
0
आजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़, दो शातिर चोर गिरफ्तार:छह चोरी की घटनाओं का खुलासा; छह लाख के जेवर बरामद, दर्ज हैं 19 से अधिक मुकदमे
आजमगढ़ के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो शातिर अंतरजनपदीय अपराधी घायल हो गए, जिन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश उर्फ लकी उर्फ बुढ़वा और दीपक उर्फ देवदत्त गौड़ के रूप में हुई है। दोनों आजमगढ़ के कोतवाली थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब छह लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, 7,500 रुपये नकद, दो अवैध तमंचे, कारतूस, मोबाइल फोन, एलसीडी टीवी और चोरी में इस्तेमाल ऑटो रिक्शा बरामद किया है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी से कप्तानगंज, कंधरापुर और जीयनपुर थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की छह घटनाओं का खुलासा हुआ है। जहां दिनेश पर 19 गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं वहीं दीपक पर 13 मुकदमे दर्ज है। पुलिस टीम पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल हुए दोनों आरोपी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 18 और 19 अक्टूबर की मध्यरात्रि कप्तानगंज पुलिस रात्रि गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। पुलिस को सूचना मिली कि ऑटो रिक्शा से बंद मकानों की रेकी कर चोरी करने वाले दो संदिग्ध कोयलसा-देवरपुर मार्ग से गुजरने वाले हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम जफरामऊ स्थित रानीपुर तिराहे के पास संदिग्ध ऑटो रिक्शा को रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख ऑटो में सवार दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों के बाएं पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपियों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोयलसा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय आजमगढ़ रेफर कर दिया गया। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट बुलाकर साक्ष्य भी जुटाए गए। छह चोरी की घटनाओं का खुलासा आरोपियों ने पूछताछ में ऑटो रिक्शा से अलग-अलग इलाकों में घूमकर बंद मकानों की रेकी करने और रात के समय चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात बताई है। वे चोरी के दौरान विरोध होने या पकड़े जाने की आशंका पर लोगों को डराने के लिए अवैध असलहे रखते थे। आरोपियों ने कप्तानगंज के फिरतूपुर, कंधरापुर क्षेत्र के करेन्हुआ और आदिपुर भनवथ तथा जीयनपुर क्षेत्र के आखीपुर, बलुआ और परनकुंडा कैता में चोरी की घटनाओं में संलिप्तता बताई है। इन मामलों में घरों के ताले तोड़कर नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान चोरी किए जाने की शिकायतें दर्ज थीं। पुलिस का कहना है कि बरामद आभूषणों की संबंधित पीड़ितों से पहचान कराए जाने की जानकारी मिली है। अन्य घटनाओं और बरामद सामान के संबंध में जांच जारी है। गिरफ्तार दिनेश उर्फ लकी उर्फ बुढ़वा के खिलाफ आजमगढ़ और मऊ में चोरी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में 19 मुकदमे दर्ज होने का आपराधिक इतिहास बताया गया है। वहीं, दीपक उर्फ देवदत्त गौड़ के खिलाफ आजमगढ़, मऊ और गाजीपुर में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में 13 मुकदमे दर्ज है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User