प्रयागराज में सार्वजनिक जगह पर शराब पीते 51 लोग गिरफ्तार:पुलिस ने चलाया 'ऑपरेशन पियक्कड़', सभी पर कानूनी कार्रवाई शुरू
प्रयागराज शहर में सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम शराब पीने वालों के खिलाफ सिविल लाइंस पुलिस ने रविवार देर रात विशेष अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर शराब पीते मिले कुल 51 लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब की दुकानों के आसपास और प्रमुख मार्गों पर खुले में शराब पीने वालों में हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक, 18 अक्टूबर को पुलिस कमिश्नर और अपर पुलिस कमिश्नर (कानून एवं व्यवस्था) के निर्देशन में यह अभियान चलाया गया। पुलिस उपायुक्त नगर की निगरानी में सिविल लाइंस थाना पुलिस ने अपने क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान थार्नहिल रोड, 9/11 बार के आसपास और अन्य प्रमुख मार्गों पर स्थित शराब की दुकानों के बाहर जांच की गई। इस दौरान कई लोग खुले और सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करते पाए गए। पुलिस ने ऐसे कुल 51 लोगों को हिरासत में ले लिया। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर नजर पुलिस ने अभियान के दौरान शराब की दुकानों के बाहर और प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखी। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने से आम लोगों को होने वाली परेशानी को देखते हुए यह कार्रवाई की गई। पुलिस का उद्देश्य खुले में शराब पीने वालों पर अंकुश लगाना और सार्वजनिक स्थानों पर व्यवस्था बनाए रखना है। सिविल लाइंस पुलिस ने हिरासत में लिए गए सभी 51 लोगों के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ अभियान को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पुलिस की ओर से स्पष्ट किया गया है कि अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करते पाए गए लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)