आलू किसानों को भंडारण शुल्क पर मिलेगा 20 हजार अनुदान:200 क्विंटल तक आलू पर मिलेगा लाभ, ऑनलाइन आवेदन शुरू

Oct 06, 2026 - 18:13
0
आलू किसानों को भंडारण शुल्क पर मिलेगा 20 हजार अनुदान:200 क्विंटल तक आलू पर मिलेगा लाभ, ऑनलाइन आवेदन शुरू
प्रयागराज जिले के आलू उत्पादक किसानों को राहत देने के लिए उद्यान विभाग ने निजी शीतगृहों में रखे आलू के भंडारण शुल्क पर अनुदान योजना शुरू की है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए शुरू की गई इस योजना में किसानों को प्रति क्विंटल 100 रुपये की दर से अनुदान दिया जाएगा। एक किसान अधिकतम 200 क्विंटल यानी 400 पैकेट आलू पर अनुदान ले सकेगा। इस तरह किसान को अधिकतम 20 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता मिलेगी। जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए प्रयागराज के किसान ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए विभाग ने potato.uphorticulture.in पोर्टल उपलब्ध कराया है। किसानों को पोर्टल पर पंजीकरण कर आवेदन करना होगा। अनुदान की राशि सीधे किसान के बैंक खाते में भेजी जाएगी। इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण के दौरान किसानों को जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे। इनमें शीतगृह में आलू भंडारण, निकासी, भुगतान और गेट पास की रसीद, आधार कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति और खतौनी शामिल है। ऑनलाइन आवेदन के बाद किसानों को मूल अभिलेख लेकर जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, तृतीय तल, कक्ष संख्या-85, प्रयागराज में जमा कराने होंगे। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद पात्र किसानों को अनुदान का लाभ दिया जाएगा। विभाग के अनुसार, योजना का उद्देश्य आलू किसानों को शीतगृह में आलू रखने के दौरान आने वाले भंडारण शुल्क में आर्थिक राहत देना है। किसानों से अपील की गई है कि वे आवेदन करते समय सभी दस्तावेज सही तरीके से अपलोड करें और मूल अभिलेख कार्यालय में जमा कराएं, जिससे अनुदान की प्रक्रिया पूरी की जा सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User