आम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव:बाराबंकी के जहांगीराबाद में हुआ हादसा, बीमारी से थे परेशान
बाराबंकी में पांच बच्चों की परवरिश और परिवार की जिम्मेदारियां निभा रहे एक व्यक्ति की मौत से घर में मातम पसरा है। जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के रोटी गांव में रविवार सुबह करीब 42 वर्षीय बदलू गौतम का शव घर से कुछ दूरी पर आम के पेड़ से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के मुताबिक, बदलू गौतम पुत्र तिलकू रोटी गांव में अपने परिवार के साथ रहते थे। रविवार सुबह उनका शव घर के पास स्थित एक आम के पेड़ से लटका मिला। घटना का पता चलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी घटना को लेकर चर्चा शुरू हो गई। हालांकि, उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। अक्सर खराब रहती थी तबीयत बताया जा रहा है कि बदलू गौतम की तबीयत अक्सर खराब रहती थी और उनकी दवा भी चल रही थी। हालांकि, बीमारी और उनकी मौत के बीच किसी संबंध की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा। बदलू गौतम अपने पीछे पत्नी नीलम देवी और पांच बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार में 19 वर्षीय शिवा, 17 वर्षीय सत्यम, एक अन्य बेटा प्रभाकर, 12 वर्षीय बेटी अंकिता और पांच वर्षीय बेटी आशा शामिल हैं। परिवार के मुखिया की मौत से पत्नी और बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पांच बच्चों की परवरिश और उनके भविष्य की जिम्मेदारी अब परिवार के सामने बड़ी चिंता बनकर खड़ी है। घटना के बाद से घर में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा सूचना मिलने पर जहांगीराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। थाना प्रभारी राम प्रकाश मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मौत की वजह के संबंध में फिलहाल कोई निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)