आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने 24 हजार रुपये मानदेय की मांग:बहराइच में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा, पुराने मानदेय वृद्धि से असंतोष
बहराइच में आंगनबाड़ी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा संघ ने सोमवार दोपहर मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रतिनिधि को दिया गया। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी की मांग की गई है। संघ की जिलाध्यक्ष सुनीता आर्या और महामंत्री कोकिला शर्मा के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कार्यकर्ताओं ने न्यूनतम 24 हजार रुपये मासिक मानदेय तय करने की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं बाल विकास और पोषण से जुड़ी अहम जिम्मेदारियां निभा रही हैं। संघ ने कहा कि मार्च 2026 में आंगनबाड़ियों को स्मार्ट मोबाइल फोन देने की घोषणा हुई थी। उस समय मानदेय को भी स्मार्ट, सम्मानजनक और न्यूनतम करने की बात कही गई थी। इससे कार्यकर्ताओं को मानदेय बढ़ने की उम्मीद थी। संघ ने बताया कि 8 सितंबर 2026 को अयोध्या में मानदेय बढ़ोतरी को लेकर हुई घोषणा से कार्यकर्ताओं में असंतोष है। ज्ञापन के मुताबिक, सरकार के पत्र के जरिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1500 रुपये और सहायिकाओं के मानदेय में 750 रुपये बढ़ाए गए हैं। इसके साथ ही पीएलआई के तौर पर कार्यकर्ताओं को 2500 रुपये और सहायिकाओं को 1250 रुपये देने की बात कही गई है। संघ ने मांग की है कि पीएलआई की रकम को अलग से देने के बजाय मानदेय में जोड़ा जाए। साथ ही, संशोधित आदेश जारी कर 24 हजार रुपये मासिक मानदेय तय किया जाए। इसके अलावा, पोषण ट्रैकर का संचालन जीपीएस से मुक्त कर पुरानी व्यवस्था फिर से लागू करने की मांग भी की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)