आशा वर्कर-संगिनियों ने मानदेय बढ़ाने की उठाई मांग:रामपुर में जिला स्तर पर तैयारी, 27 सितंबर को आंदोलन की रणनीति तय होगी

Sep 25, 2026 - 14:48
0
आशा वर्कर-संगिनियों ने मानदेय बढ़ाने की उठाई मांग:रामपुर में जिला स्तर पर तैयारी, 27 सितंबर को आंदोलन की रणनीति तय होगी
रामपुर में आशा वर्कर और आशा संगिनियों के मानदेय बढ़ाने समेत अन्य मांगों को लेकर जिला स्तरीय संघर्ष समिति बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे अंबेडकर पार्क में जिले की अलग-अलग तहसीलों से आईं आशा वर्कर और आशा संगिनियों की बैठक हुई। इसमें प्रदेश स्तर पर चल रहे आंदोलन की आगे की रणनीति पर बात हुई। उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद जनता शाखा के जिला अध्यक्ष रामबाबू शर्मा ने बताया कि आशा वर्कर और आशा संगिनियों की समस्याओं को लेकर प्रदेश स्तर पर आंदोलन चल रहा है। इसी क्रम में जिले में भी उनका संगठन तैयार कर संघर्ष समिति बनाने की पहल हो रही है, ताकि उनकी मांगों को प्रदेश स्तर तक मजबूती से पहुंचाई जा सके। उन्होंने कहा कि आशा वर्कर और आशा संगिनी ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े जरूरी काम करती हैं। लोगों तक सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी पहुंचाने, गर्भवती महिलाओं और बच्चों से संबंधित स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग करने सहित कई जिम्मेदारियां निभाती हैं। इसके बावजूद उन्हें मिलने वाले मानदेय बढ़ाने की मांग लंबे समय से हो रही है। रामबाबू शर्मा ने कहा कि सरकार को आशा वर्कर और आशा संगिनियों की मेहनत को देखते हुए उनके मानदेय में बढ़ोतरी करनी चाहिए। उनका कहना है कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने में इन कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका है और उनकी मेहनत का सही लाभ उन्हें मिलना चाहिए। बैठक में मौजूद आशा वर्कर और संगिनियों ने भी अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर चर्चा की। बताया गया कि प्रदेश स्तर पर 30 सितंबर को होने वाले कार्यक्रम में भी जिले से शामिल होंगे। इसके लिए संगठन स्तर पर तैयारी की जा रही है। जिला स्तर पर अगली बैठक रविवार, 27 सितंबर 2026 को आयोजित होगी। इसमें आशा वर्कर और आशा संगिनियां इकट्ठी होकर आगे के कार्यक्रम और आंदोलन की रणनीति तय करेंगी। बैठक का मकसद उनकी आवाज को जिला स्तर से प्रदेश स्तर तक पहुंचाना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User