बाबा नीब करौरी का 53वां महापरिनिर्वाण दिवस:वृंदावन में ली थी अंतिम सांस, जन्मस्थली अकबरपुर में सुबह से जुटे भक्त
फिरोजाबाद में बाबा नीब करौरी महाराज का 53वां महापरिनिर्वाण दिवस शुक्रवार को उनकी जन्मस्थली अकबरपुर में श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। इस मौके पर सुबह से शाम तक कई कार्यक्रम हो रहे हैं। बाबा नीब करौरी के पौत्र डॉ. धनंजय शर्मा ने बताया कि वृंदावन में शरीर छोड़ने से पहले बाबा आगरा में अपने शिष्य जगमोहन शर्मा के घर आए थे। वहां से उन्होंने अपने छोटे बेटे धर्म नारायण शर्मा को बुलाया और रात की ट्रेन से काठगोदाम के लिए निकले। मथुरा जंक्शन पर बाबा ट्रेन से उतर गए और टैक्सी मंगवाकर वृंदावन आश्रम पहुंचे। वहां कुटिया में आराम करते हुए उन्होंने शरीर त्यागने का संकेत दिया था। इसके बाद 11 सितंबर 1973 को उन्होंने अपना शरीर छोड़ दिया। शरीर छोड़ते समय आश्रम में केवल उनके छोटे बेटे थे। बाद में आगरा से उनकी पत्नी रामबेटी शर्मा और दूसरे परिजन वृंदावन पहुंचे थे। मंदिर के महंत अवधेश कुमार शर्मा ने बताया कि शुक्रवार सुबह आठ बजे बाबा का अभिषेक हुआ। साढ़े नौ बजे से सुंदर कांड का पाठ शुरू हुआ। इसके बाद महाप्रसादी का भोग लगाया गया और भंडारा कराया गया। प्रदेश सरकार बाबा की जन्मस्थली को गांव पर्यटन और आध्यात्मिक नीब करौरी बाबा सर्किट के तौर पर विकसित कर रही है। विश्व पर्यटन दिवस के मौके पर पर्यटन विभाग ने बाबा के जीवन से जुड़े स्थलों के दर्शन के लिए 50 प्रतिशत तक विशेष छूट के साथ तीन दिवसीय टूर पैकेज शुरू किया है। पर्यटन विभाग अकबरपुर में 865.98 लाख रुपये की लागत से कन्वेंशन सेंटर बनवा रहा है, जिसका 95 प्रतिशत से ज्यादा काम पूरा हो गया है। यहां आधुनिक एग्जीबिशन हॉल, मल्टीपर्पज हॉल और सांस्कृतिक ब्लॉक भी बनाया जा रहा है। श्रद्धालुओं की आवाजाही को आसान बनाने के लिए 1.77 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर किया जा रहा है। राज्य पर्यटन विकास निगम ने 'विजिट माई स्टेट' अभियान के तहत 25 से 27 सितंबर तक तीन दिवसीय विशेष टूर पैकेज शुरू किया है। यह यात्रा लखनऊ से शुरू होकर श्रद्धालुओं को फर्रुखाबाद (नीब करौरी बाबा आश्रम व संकिसा बौद्ध स्थल), दूसरे दिन फिरोजाबाद स्थित जन्मस्थली अकबरपुर गांव और आखिर में मथुरा व वृंदावन धाम के दर्शन कराएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)