आशियाना में बृज की रसोई का महाप्रसाद वितरण:नवरात्र पर जरूरतमंदों को चना-आलू, चावल, बूंदी और केले बांटे गए
लखनऊ में प्रथम नवरात्र के अवसर पर इण्डियन हेल्पलाइन सोसाइटी की ओर से संचालित सेवा प्रकल्प बृज की रसोई ने आशियाना में महाप्रसाद वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें करीब दो हजार जरूरतमंदों और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में चना-आलू, चावल, बूंदी और केले का वितरण किया गया। संस्था के संस्थापक विपिन शर्मा ने कहा कि भूखे को भोजन कराना मानवता की सहज और सार्थक सेवा है। बिना भेदभाव जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराना समानता, बंधुत्व और मानवीय गरिमा के मूल्यों को मजबूत करने का प्रयास है। उन्होंने बताया कि बृज की रसोई का उद्देश्य सेवा को निरंतर सामाजिक दायित्व बनाना है। इसी क्रम में संस्था प्रत्येक रविवार को सेवा दिवस के रूप में जरूरतमंदों को निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराती है। बलवंत सिंह ने कहा कि नवरात्र का आयोजन आस्था, सेवा और सामाजिक समरसता का संगम बना। वहीं, जालिम सिंह ने कहा कि यह आयोजन जरूरतमंदों के सम्मान और आत्मीयता को समर्पित रहा। सेवा के दौरान बच्चों, बुजुर्गों, श्रमिकों और अन्य जरूरतमंदों ने भोजन ग्रहण किया। कार्यक्रम के संचालन में जालिम सिंह, संजय श्रीवास्तव, बलवंत सिंह, आशीष श्रीवास्तव, रोहित साहू, आनंद मिश्रा, दीपक भुटियानी, विकास पांडेय, सत्यम वर्मा और अनुराग दुबे सहित अनेक स्वयंसेवकों ने सहयोग किया। संस्था ने कहा कि समाज के सक्षम वर्ग की सहभागिता से सेवा सामाजिक परिवर्तन का माध्यम बन सकती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)