अब कुछ दिनों तक चटोरी गली से नहीं उठेगी गाड़ी:व्यापारियों की बैरियर हटाने की मांग बरकरार; DM के दौरे के बाद बदली व्यवस्था
गोरखपुर के गोलघर स्थित चटोरी गली में शनिवार को बदली हुई व्यवस्था का असर देखने को मिला। हरिओम नगर वाले एंट्री पॉइंट के पास नो पार्किंग जोन में सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को नगर निगम की टीम ने नहीं उठाया। इससे चटोरी गली में खाने-पीने आने वाले ग्राहकों को राहत मिली। लोग बाहर अपनी गाड़ियां खड़ी करके अंदर गए और परिवार के साथ खानपान का आनंद लिया। शुक्रवार की रात डीएम दीपक मीणा, नगर आयुक्त अजय जैन और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ के निरीक्षण के बाद यह बदलाव देखने को मिला। इससे पहले नो पार्किंग जोन में खड़ी गाड़ियों को नगर निगम की टीम उठाकर जलकल बिल्डिंग ले जाती थी। इसके बाद वाहन मालिकों को दोपहिया के लिए 200 रुपये और चारपहिया के लिए 500 रुपये जुर्माना देकर अपनी गाड़ी छुड़ानी पड़ती थी। अब शनिवार को इस स्थान पर गाड़ियां नहीं उठाए जाने से ग्राहकों को कुछ राहत मिली। हालांकि, व्यापारियों की मुख्य मांग अब भी हरिओम नगर वाले एंट्री पॉइंट पर लगे बैरियर और बोलार्ड हटाने की है, ताकि ग्राहक आसानी से गली में आ-जा सकें। शुक्रवार रात डीएम-एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर सुनी समस्या चटोरी गली में रास्ते और गाड़ियों की आवाजाही को लेकर व्यापारियों की नाराजगी के बीच शुक्रवार रात प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था। डीएम, नगर आयुक्त और एसएसपी ने व्यापारियों की समस्याएं सुनीं और उन्हें आश्वासन दिया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है। इसके बाद शनिवार को हरिओम नगर वाले एंट्री पॉइंट पर बैरियर के ठीक बगल में सड़क किनारे नो पार्किंग जोन में खड़ी गाड़ियों को नहीं उठाया गया। इससे ग्राहकों को अपनी गाड़ी बाहर खड़ी करके चटोरी गली में जाने की सुविधा मिली। इस व्यवस्था को ग्राहकों की सहूलियत के लिहाज से राहत भरा कदम माना जा रहा है। अभी सिर्फ गोलघर वाले रास्ते से ही गली में एंट्री वर्तमान व्यवस्था के तहत चटोरी गली में गाड़ियों की एंट्री गोलघर वाले एंट्री पॉइंट से ही होती है। गली के दूसरे छोर पर हरिओम नगर की तरफ बैरियर लगा हुआ है। इसके चलते वाहन चालक उस रास्ते से बाहर नहीं निकल सकते। ऐसे में ग्राहकों को आने-जाने के लिए गोलघर वाले रास्ते का ही इस्तेमाल करना पड़ता है। व्यापारियों का कहना है कि हरिओम नगर वाले एंट्री पॉइंट पर लगे बैरियर और बोलार्ड के कारण ग्राहकों को परेशानी होती है। वे चाहते हैं कि इस तरफ का रास्ता भी खोल दिया जाए, ताकि ग्राहक हरिओम नगर की ओर से गली में प्रवेश कर सकें और गोलघर वाले रास्ते से बाहर निकल जाएं। इससे गाड़ियों की आवाजाही सुगम होगी और ग्राहकों को अनावश्यक परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। सालभर से बैरियर हटाने की मांग कर रहे व्यापारी चटोरी गली के निर्माण के दौरान ही व्यापारियों ने रास्ते पर लगाए जाने वाले अवरोधों को लेकर विरोध जताया था। गली तैयार होने के बाद भी व्यापारी समय-समय पर बैरियर हटाने की मांग उठाते रहे हैं। उनका कहना है कि रास्ते की मौजूदा व्यवस्था के कारण ग्राहक गाड़ी लेकर आने से कतराते हैं। इससे दुकानों पर आने वाले ग्राहकों की संख्या और कारोबार प्रभावित होने की शिकायत भी व्यापारी करते रहे हैं। व्यापारियों का मानना है कि हरिओम नगर वाले छोर से रास्ता खोलने पर ग्राहकों को आने-जाने में आसानी होगी। वहीं, बैरियर के पास सड़क किनारे एक लाइन में गाड़ियां खड़ी करने की अनुमति मिलने से भी लोगों को तत्काल राहत मिल सकती है। 'बैरियर न हटे तो भी दिक्कत नहीं, एक लाइन में गाड़ियां खड़ी होने से मिलेगी सहूलियत' चटोरी गली में शनिवार को बदली व्यवस्था के बाद ग्राहकों ने राहत महसूस की। दैनिक भास्कर से बात करते हुए आशीष कुमार रूंगटा ने बताया कि पहले यहां पर गाड़ी लगाने में बहुत परेशानी होती थी लेकिन इस फैसले के बाद से लोगों को थोड़ा सा आराम जरूर मिल जाएगा लोग यहां पर घूम के एंजॉय भी कर पाएंगे और जिसको जो खाना होगा वह सुकून से खा लेगा। बैरियर ना हटे तो भी कोई दिक्कत नहीं है लेकिन अगर यहां पर एक लाइन में गाड़ियां खड़ी रहेगी तो कस्टमर को थोड़ी सी सहूलिया जरूर मिल जाएगी। ग्राहकों की सुविधा और गली की रौनक पर नजर शनिवार को गाड़ियों को नहीं उठाए जाने से ग्राहकों को अपनी गाड़ी बाहर खड़ी कर चटोरी गली में खाने-पीने और घूमने का मौका मिला। इससे व्यापारियों को भी उम्मीद है कि ग्राहक पहले की तरह गली में आते रहेंगे। गली के अंदर वाहनों की आवाजाही सीमित रहने से परिवार और बच्चों के साथ आने वाले लोग पैदल घूम सकेंगे और दुकानों पर बैठकर आराम से खानपान का आनंद ले सकेंगे। फिलहाल शनिवार को अपनाई गई व्यवस्था से ग्राहकों को राहत जरूर मिली है, लेकिन व्यापारियों की नजर अब हरिओम नगर वाले एंट्री पॉइंट पर लगे बैरियर को हटाने के फैसले पर टिकी है। उनका कहना है कि स्थायी समाधान तभी होगा, जब दोनों छोर से आवाजाही की सुविधा मिलेगी और ग्राहकों को आने-जाने में परेशानी नहीं होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)