AI से लड़की की आवाज बनाकर हनीट्रैप में फंसाया:ब्लैकमेल कर वसूले 3 हजार रुपए, युवक ने सुसाइड किया; आरोपी गिरफ्तार
शामली में AI तकनीक से लड़की जैसी आवाज बनाकर युवकों को हनीट्रैप में फंसाने और अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार हुआ है। वह लोगों से रुपए वसूलता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने किवाना के परीक्षित मलिक को भी अपने जाल में फंसाकर ब्लैकमेल किया था। उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बुधवार को बताया कि 17 अगस्त को परीक्षित मलिक का शव खंद्रावली के जंगल में फांसी पर लटका मिला था। जांच में सामने आया कि युवक साइबर अपराधियों के हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का शिकार हुआ था। आरोपियों ने फिलीपींस के नंबर से उससे संपर्क किया और लड़की की आवाज में बातचीत की। इसके बाद उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो हासिल कर उन्हें वायरल करने की धमकी दी गई। पहले 2 हजार, फिर एक हजार रुपए वसूले
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने परीक्षित से पहले 2 हजार रुपए और फिर एक हजार रुपए वसूले थे। इसके बाद भी उससे लगातार रुपए मांगे जा रहे थे। फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी से परेशान होकर युवक ने आत्महत्या कर ली थी। जांच के दौरान झारखंड के गिरिडीह निवासी आशीष कुमार की संलिप्तता सामने आई। वह वर्तमान में हरियाणा के गुरुग्राम स्थित आईएमटी मानेसर में रह रहा था। बुधवार को थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी AI तकनीक की मदद से लड़की जैसी आवाज बनाकर लोगों से बातचीत करता था और उन्हें ब्लैकमेल करता था। पिता ने भी की थी शिकायत, दूसरे आरोपों की जांच जारी
परीक्षित के पिता गजेंद्र सिंह ने पहले थाने में तहरीर देकर एक व्यक्ति और बैंक अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने बताया था कि परीक्षित श्रीराम फाइनेंस में प्रॉपर्टी लोन का काम करता था। घटना वाले दिन वह खंद्रावली क्षेत्र में जाने की बात कहकर घर से निकला था। शाम को उसका शव जंगल में फांसी पर लटका मिला था। पिता के अनुसार, उन्होंने दिन में कई बार बेटे को फोन किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं की। उन्होंने बताया था कि खेड़ी करमू निवासी एक व्यक्ति उनके घर आया था और परीक्षित के फोन नहीं उठाने की बात कही थी। उस व्यक्ति ने लोन संबंधी कागजात देने की बात भी कही थी। पिता ने अपनी तहरीर में संबंधित व्यक्ति और बैंक अधिकारी के खिलाफ जांच की मांग की थी। थाना प्रभारी बच्चू सिंह ने बताया था कि इस शिकायत की भी जांच की जा रही है। एसपी बोले- अनजान वीडियो कॉल से रहें सतर्क
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने लोगों से अनजान नंबरों से आने वाली वीडियो कॉल को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ निजी फोटो या वीडियो साझा न करें। साइबर ब्लैकमेलिंग का शिकार होने पर घबराने के बजाय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)