किसी ने साहिल को बताया निर्दोष, किसी ने कहा-फांसी ठीक:नीला ड्रम हत्याकांड में कोर्ट के फैसले के बाद सामने आईं अलग-अलग प्रतिक्रियाएं

Oct 14, 2026 - 18:38
0
किसी ने साहिल को बताया निर्दोष, किसी ने कहा-फांसी ठीक:नीला ड्रम हत्याकांड में कोर्ट के फैसले के बाद सामने आईं अलग-अलग प्रतिक्रियाएं
देशभर में चर्चित नीला ड्रम हत्याकांड में बुधवार को कोर्ट ने सौरभ राजपूत की हत्या के मामले में आरोपी साहिल और मुस्कान को मृत्युदंड की सजा सुनाई। जैसे ही कोर्ट ने सौरभ राजपूत हत्याकांड में साहिल और मुस्कान को मृत्युदंड सुनाया, कोर्ट में मौजूद सौरभ की मां और भाई भावुक हो गए। फैसले के बाद परिजनों की आंखों से आंसू छलक पड़े। फैसले के बाद मामले से जुड़े लोगों और आसपास रहने वालों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं। मुस्कान की मां ने जहां उससे दूरी बनाए रखने का फैसला किया है, वहीं उनका कहना है कि वह अपनी मुस्कान की बेटी पीहू की परवरिश कर रही हैं और उसका पूरा ध्यान रख रही हैं। दूसरी ओर, आसपास के कुछ लोगों ने दोनों को कड़ी सजा देने की मांग की थी, जबकि कुछ ने साहिल को निर्दोष बताते हुए पूरी गलती मुस्कान की बताई। पीहू को मुस्कान से नहीं मिलवाएंगी मां, बोलीं- बच्चों के भविष्य की चिंता सौरभ हत्याकांड में दोषी मुस्कान की मां ने कैमरे पर आने से इनकार कर दिया। हालांकि, उन्होंने बातचीत में बताया कि वह पीहू की परवरिश कर रही हैं और उसका पूरा ध्यान रख रही हैं। उन्होंने साफ कहा कि वह न तो पीहू को मुस्कान से मिलवाना चाहती हैं और न ही खुद मुस्कान से मिलना या उससे बात करना चाहती हैं। मुस्कान की मां ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में थाने में लिखित पत्र भी दिया है। उनका कहना है कि जब तक कोर्ट की ओर से ऐसा करने के लिए नहीं कहा जाता, तब तक वह मुस्कान से मिलने नहीं जाएंगी और न ही पीहू को उससे मिलवाएंगी। उन्होंने सौरभ की मौत पर दुख जताते हुए कहा कि उन्हें भी सौरभ से काफी लगाव था। मुस्कान को ऐसा नहीं करना चाहिए था। सौरभ की मौत से उन्हें भी काफी दुख पहुंचा है। उन्होंने कहा कि घर में मुस्कान के भाई-बहन और पीहू हैं। उन्हें सभी के भविष्य की चिंता है। वह नहीं चाहतीं कि इस घटना का असर बच्चों के भविष्य पर पड़े। इसी वजह से उन्होंने मुस्कान से दूरी बनाए रखने का फैसला किया है। उनका कहना है कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान पीहू की परवरिश और उसके भविष्य पर है। वह नहीं चाहतीं कि इस घटना के कारण परिवार के दूसरे बच्चों का भविष्य भी प्रभावित हो। 17 महीने से सील है वारदात वाला मकान, मालिक बोले- अब जो होगा, देखा जाएगा जिस मकान में मुस्कान और साहिल ने वारदात को अंजाम दिया था, वह पिछले 17 महीने से सील है। मकान मालिक का कहना है कि मकान सील होने के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, अब वह इस मामले में ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहते। उन्होंने कहा कि अब जो होगा, देखा जाएगा। वहीं, आसपास रहने वाले लोगों ने भी इस मामले पर खुलकर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। हालांकि, कुछ लोगों का कहना है कि इस हत्याकांड में दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। कुछ लोगों ने दोनों आरोपियों को मौत की सजा दिए जाने की मांग भी की थी। बुजुर्ग महिला बोलीं- साहिल की गलती नहीं, मुस्कान ने बहकाया साहिल के घर के सामने रहने वाली बुजुर्ग महिला धनमया ने कहा कि साहिल का व्यवहार अच्छा था। वह हमेशा उन्हें प्रणाम करता था और काफी इज्जत देता था। महिला ने कहा कि इस पूरे मामले में साहिल की कोई गलती नहीं है। उनके मुताबिक, मुस्कान ने साहिल को बुलाया और फिर अपने पति की हत्या कर दी। इसलिए इस मामले में पूरी गलती मुस्कान की है। महिला ने कहा कि मुस्कान ने साहिल को बहकाया है और इस घटना की जिम्मेदारी उसी की है। उनका कहना है कि साहिल को सजा नहीं मिलनी चाहिए, बल्कि मुस्कान को सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने मुस्कान को मौत की सजा दिए जाने की मांग करते हुए कहा कि उनकी नजर में इस पूरे मामले की मुख्य जिम्मेदार मुस्कान है। गजेंद्र कुमार शर्मा बोले- दोनों को मिले कड़ी सजा, साहिल को फांसी हो गजेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि साहिल और मुस्कान दोनों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। यह हत्याकांड मानवता को शर्मसार करने वाला है। सौरभ की बेहद नृशंस तरीके से हत्या की गई। उनकी नजर में यह समाज के लिए बेहद क्रूर मामला है। ऐसा किसी के साथ नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुस्कान की एक छोटी बेटी है। उसकी स्थिति को देखते हुए सजा के मामले में मानवीय पहलू पर भी विचार किया जा सकता था। हालांकि, उन्होंने साहिल को फांसी की सजा दिए जाने की मांग की थी। गजेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि साहिल को फांसी देकर चौराहे पर लटका देना चाहिए। उनके मुताबिक, इस तरह के गंभीर अपराध में दोषियों को सख्त सजा मिलनी जरूरी है, ताकि समाज में इसका संदेश जाए। कपिल देव बोले- ऐसी सजा, जिससे समाज में जाए कड़ा संदेश मुस्कान के घर से कुछ ही दूरी पर रहने वाले कपिल देव ने कहा कि साहिल और मुस्कान दोनों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए, जिससे समाज में कड़ा संदेश जाए। उन्होंने कहा कि अगर कोई इस तरह का अपराध करता है तो उसे बख्शा नहीं जाना चाहिए। ऐसे मामलों में कानून के तहत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई इस तरह का अपराध करने से पहले उसके परिणामों के बारे में सोचे। कपिल देव का कहना था कि उन्हें न्यायालय पर पूरा भरोसा है। कोर्ट ऐसा फैसला सुनाएगा, जिससे समाज में संदेश जाए कि इस तरह के अपराध करने वालों को कानून के तहत सजा जरूर मिलेगी। संजय शर्मा बोले- साहिल को फांसी, मुस्कान को मिले आजीवन कारावास संजय शर्मा ने सौरभ हत्याकांड को बेहद घिनौना बताया। उन्होंने कहा कि साहिल को फांसी और मुस्कान को आजीवन कारावास की सजा मिलनी चाहिए। संजय शर्मा ने कहा कि मुस्कान की एक छोटी बेटी है, इसलिए उसकी स्थिति को देखते हुए सजा के मामले में विचार किया जा सकता है। हालांकि, उन्होंने सौरभ की हत्या को बेहद गंभीर अपराध बताया और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की थी। उन्होंने कहा कि सौरभ लंदन से आया था, लेकिन इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। जिस तरीके से मुस्कान ने अपने पति सौरभ की हत्या की, वह बेहद गंभीर मामला है। ऐसे मामलों में दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि पीड़ित को न्याय मिल सके और समाज में भी कानून के प्रति विश्वास बना रहे। फैसले के बाद अलग-अलग राय, न्यायालय पर भरोसा नीला ड्रम हत्याकांड में सजा सुनाए जाने के बाद आसपास के लोगों की प्रतिक्रियाओं में अलग-अलग विचार सामने आए। कुछ लोगों ने मुस्कान को मुख्य जिम्मेदार बताते हुए साहिल को सजा से राहत देने की बात कही। वहीं, कुछ लोगों ने दोनों के लिए अलग-अलग सजा की मांग की थी। हालांकि, लोगों ने यह भी कहा कि ऐसे गंभीर मामलों में न्यायालय का फैसला महत्वपूर्ण है और कानून के अनुसार दोषियों को सजा मिलनी चाहिए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User