AI से SSB कैंप ब्लास्ट का वीडियो बनाया:महराजगंज में लाइक-व्यूज के चक्कर में फंसा युवक, पोस्ट करते ही गिरफ्तार
महराजगंज में सोशल मीडिया पर रातों-रात मशहूर होने और लाइक, व्यूज व फॉलोअर्स बढ़ाने का जुनून एक युवक को भारी पड़ गया। परसामलिक थाना क्षेत्र के सेवतरी स्थित 22वीं वाहिनी एसएसबी कैंप को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI की मदद से ब्लास्ट करते हुए दिखाने वाला वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट करना उसे महंगा पड़ गया। वीडियो वायरल होते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। डिजिटल सर्विलांस के जरिए पुलिस ने वीडियो और उससे जुड़े इंस्टाग्राम अकाउंट की पड़ताल की। जांच में आरोपी की पहचान फैयाज अहमद के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उसके अकाउंट से आपत्तिजनक वीडियो भी हटवाया। इसके बाद आरोपी का चालान कर न्यायालय भेज दिया गया। AI से बनाया कैंप को उड़ाने का वीडियो पुलिस के मुताबिक फैयाज अहमद ने AI तकनीक का इस्तेमाल कर सेवतरी स्थित एसएसबी कैंप को विस्फोट से उड़ाते हुए दिखाया। इसके बाद उसने वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट कर दिया। देखते ही देखते वीडियो सोशल मीडिया पर फैलने लगा। सुरक्षा प्रतिष्ठान से जुड़ा मामला होने के कारण अधिकारियों में भी हलचल मच गई। वीडियो वायरल होने की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने डिजिटल सर्विलांस की मदद से जांच शुरू की। वीडियो कहां से पोस्ट हुआ और किस अकाउंट से इसे शेयर किया गया, इसकी पड़ताल की गई। जांच के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।
अकाउंट से तत्काल हटवाया गया वीडियो पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपी के इंस्टाग्राम अकाउंट से आपत्तिजनक वीडियो हटवा दिया। अधिकारियों ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच की। आरोपी के खिलाफ आवश्यक धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसका चालान न्यायालय भेज दिया गया। सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर भ्रामक पोस्ट से बचें पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर लाइक, व्यूज और फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए सुरक्षा बलों, कैंप या संवेदनशील स्थानों से जुड़ी भ्रामक और आपत्तिजनक सामग्री बनाना गंभीर मामला है। ऐसी पोस्ट से शांति और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)