ऐशबाग रामलीला में हनुमान के लंका दहन का मंचन:AI तकनीक से दिखाए दृश्यों ने दर्शकों को रोमांचित किया

Oct 19, 2026 - 13:40
0
ऐशबाग रामलीला में हनुमान के लंका दहन का मंचन:AI तकनीक से दिखाए दृश्यों ने दर्शकों को रोमांचित किया
लखनऊ के ऐशबाग रामलीला में रविवार को हनुमान के लंका पहुंचने से लेकर लंका दहन तक के प्रसंगों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। रामोत्सव-2026 के मंच पर भास्कर नृत्य कला केंद्र, कोलकाता के कलाकारों ने सजीव अभिनय के साथ AI तकनीक से लंका दहन के दृश्य प्रस्तुत किए। दृश्य सामने आते ही दर्शक दीर्घा जयकारों से गूंज उठी। मंचन में अशोक वाटिका में सीता-रावण संवाद, त्रिजटा-सीता संवाद और किष्किंधा पर्वत पर राम-लक्ष्मण संवाद दिखाया गया। इसके बाद लक्ष्मण का सुग्रीव पर क्रोध, सीता की खोज में वानर दल का निकलना, स्वयंप्रभा और संपाती से मिलन के प्रसंग मंचित किए गए। समुद्र लांघकर पहुंचे लंका हनुमान के समुद्र लांघकर लंका में प्रवेश करने और विभीषण से संवाद का प्रसंग भी प्रभावी रहा। इसके बाद हनुमान ने अशोक वाटिका में माता सीता से मुलाकात की। वाटिका विध्वंस, अक्षय कुमार वध और मेघनाथ द्वारा हनुमान को ब्रह्मपाश में बांधने के दृश्य ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी। रावण के दरबार में हनुमान और रावण के बीच संवाद के बाद AI तकनीक से लंका दहन का दृश्य दिखाया गया। सजीव लग रहे इन दृश्यों को देखकर दर्शकों ने 'सियावर रामचंद्र की जय' और 'पवनसुत हनुमान की जय' के जयकारे लगाए। देवी गीत और डांडिया पर नृत्य रामोत्सव के सांस्कृतिक मंच पर नृत्य गुरु एवं नृत्य निर्देशक डॉ. राघवेंद्र सिंह ने साथियों के साथ देवी गीत, राम रमैया और देवी डांडिया की धुन पर नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद आंचल समाजोत्थान सेवा समिति की ओर से आरती शुक्ला के निर्देशन में सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ। कलाकारों ने अलग-अलग गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की तालियां बटोरीं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User