अजय राय बोले-मरते दम तक राहुल का साथ नहीं छोड़ूंगा:वाराणसी में जनेऊ लेकर वचन दिया, पार्टी के लिए ज्यादा मेहनत करूंगा
वाराणसी में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय राय ने आराधना मिश्रा ‘मोना’ को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने जनेऊ दिखाते हुए कहा- ब्रह्म वचन है, मरते दम तक राहुल गांधी का साथ नहीं छोड़ूंगा। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का फैसला उन्हें स्वीकार है। उन्होंने कहा कि राजनीति में पद आते-जाते रहते हैं। आराधना मिश्रा को शुभकामनाएं देते हुए अजय राय ने उम्मीद जताई कि वह कांग्रेस को आगे ले जाएंगी और कार्यकर्ताओं के सम्मान को प्राथमिकता देंगी। बोले- कार्यकर्ताओं का भरोसा कायम रहना चाहिए अजय राय ने कहा कि उनके कार्यकाल में कार्यकर्ताओं के बीच यह भरोसा बना कि कहीं अत्याचार या अन्याय होने पर प्रदेश अध्यक्ष उनके साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि नई प्रदेश अध्यक्ष के कार्यकाल में भी यह विश्वास बना रहना चाहिए। उन्होंने आराधना मिश्रा से अपील की कि वह पूरी ताकत से कार्यकर्ताओं के सम्मान की रक्षा करें। उनका कहना था कि जहां भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय हो, वहां संगठन को उनके साथ खड़ा होना चाहिए। अजय राय ने कहा कि उनका सहयोग और स्नेह आराधना मिश्रा के साथ रहेगा। राहुल गांधी से हुई बात अजय राय ने बताया कि राहुल गांधी से बुधवार को भी उनकी बातचीत हुई थी। उनके मुताबिक, बातचीत में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत करने और संगठन को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई। उन्होंने राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का आभार जताया। साथ ही कार्यकर्ताओं से किसी तरह की नाराजगी नहीं रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी लोग एक परिवार की तरह हैं और संगठन को मजबूत करने के लिए काम करना चाहिए। बोले- सम्मान के साथ कभी समझौता नहीं किया भाजपा पर निशाना साधते हुए अजय राय ने कहा कि उन्होंने सम्मान के साथ कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने दावा किया कि उन्हें कोई खरीद नहीं पाया। इमरान मसूद को लेकर भाजपा की टिप्पणी पर अजय राय ने कहा कि इमरान मसूद की सामान्य वर्ग में भी पकड़ है और वह मजबूत पृष्ठभूमि से आते हैं। उन्होंने इस मुद्दे पर भाजपा के रवैये पर सवाल उठाए। मोदी के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ वाराणसी से चुनाव लड़ने का जिक्र करते हुए अजय राय ने कहा कि पार्टी जहां भी जिम्मेदारी देगी, वह वहां पूरी ताकत से काम करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और काशी की जनता के सहयोग से पार्टी को मजबूत करने का प्रयास जारी रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)