अखिलेश ने लिखा, नारी के श्राप से कोई नहीं बचा:प्रयागराज में अधिवक्ता हत्याकांड को लेकर सरकार को घेरा, वीडियो भी पोस्ट किया
प्रयागराज के सलोरी में अधिवक्ता सतीश चंद्र श्रीवास्तव की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या के मामले ने अब राजनीतिक रंग भी पकड़ लिया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस घटना को लेकर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने मृतक की पत्नी का वीडियो साझा करते हुए सरकार और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उधर, पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। एक्स पर साझा किया वीडियो
शुक्रवार को अखिलेश यादव ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर इस घटना से जुड़ा एक वीडियो पोस्ट किया। वीडियो में मृतक अधिवक्ता की पत्नी यह बताते हुए नजर आ रही हैं कि उन्होंने घटना से पहले अफसरों से लेकर शासन तक कई बार शिकायत की थी और सुरक्षा की गुहार लगाई थी, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई।
ऐसी राजनीति जनता को स्वीकार नहीं
वीडियो साझा करते हुए अखिलेश यादव ने लिखा, "हमारे देश में नारी के श्राप से कोई भी नहीं बच पाया है, वो अपने को चाहे कितना भी बड़ा और महत्वपूर्ण समझे।" उन्होंने आगे लिखा कि परिवार के दुखों का एहसास केवल परिवार वाले ही कर सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जो सरकार घर उजाड़े, फर्जी एनकाउंटर कराए, दुखी मां, प्रोफेसर और पत्रकार का अपमान करे तथा अपने वर्चस्व के लिए पीडीए समाज का उत्पीड़न करे, ऐसी राजनीति जनता को स्वीकार नहीं है।
दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश जारी
डीसीपी सिटी सागर जैन ने बताया, इस हत्याकांड में मुख्य आरोपी देवेंद्र मिश्र और उसके बेटे निपेंद्र मिश्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, देवेंद्र के तीसरे बेटे की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। मामले में चार नामजद समेत कुल 14 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
रिवाल्वर बरामद, लाइसेंस निलंबित
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी रिवाल्वर भी बरामद कर ली है। अधिकारियों के मुताबिक पुलिस की रिपोर्ट पर जिलाधिकारी ने शस्त्र लाइसेंस निलंबित कर दिया है। अब लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
पोस्टमार्टम के बाद होगा अंतिम संस्कार
मृतक अधिवक्ता सतीश चंद्र श्रीवास्तव का पोस्टमार्टम शुक्रवार को कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनका शव परिजनों को सौंपा जाएगा, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस हत्याकांड को लेकर प्रयागराज में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)